ग्वालिनडीह में डॉक्टर अंबेडकर जयंती समारोह सम्पन्न, दीनानाथ खूंटे ने गिनाए सरकार के जनकल्याणकारी कार्य

36gadhnewasupadet सारंगढ़-बिलाईगढ़ :
भेड़वन-गुडेली मंडल के ग्राम ग्वालिनडीह में भारत रत्न डॉ. भीमराव अंबेडकर जी की जयंती श्रद्धा, उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाई गई। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा जिला उपाध्यक्ष दीनानाथ खूंटे शामिल हुए।
कार्यक्रम की शुरुआत बाबा साहेब के प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं पुष्पांजलि अर्पित कर की गई। इस अवसर पर मुख्य अतिथि दीनानाथ खूंटे ने उपस्थित जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि बाबा साहेब का संपूर्ण जीवन सामाजिक न्याय, समानता और अधिकारों की स्थापना के लिए समर्पित रहा है। उनके विचार आज भी राष्ट्र निर्माण की मजबूत आधारशिला हैं।
उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की सरकार बाबा साहेब के आदर्शों को धरातल पर उतारते हुए समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने सरकार द्वारा किए जा रहे महत्वपूर्ण कार्यों का उल्लेख करते हुए बताया कि संविधान के प्रति सम्मान बढ़ाने हेतु 26 नवंबर को संविधान दिवस राष्ट्रीय स्तर पर मनाया जा रहा है, जिससे नई पीढ़ी बाबा साहेब के विचारों से जुड़ सके।
इसके साथ ही बाबा साहेब से जुड़े महू, नागपुर, दिल्ली, मुंबई और लंदन स्थित स्थलों को ‘पंचतीर्थ’ के रूप में विकसित कर उनके जीवन और योगदान को सम्मान दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना एवं आयुष्मान भारत जैसी योजनाओं ने गरीब, दलित एवं वंचित वर्ग के जीवन में वास्तविक परिवर्तन लाया है।
शिक्षा के क्षेत्र में अनुसूचित जाति एवं जनजाति के विद्यार्थियों के लिए छात्रवृत्ति, कोचिंग योजनाओं और उच्च शिक्षा के अवसरों का विस्तार किया गया है, जिससे उन्हें सशक्त बनने का मार्ग प्रशस्त हुआ है। साथ ही, एससी/एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम को और अधिक सशक्त कर सामाजिक न्याय सुनिश्चित करने का कार्य भी किया गया है।
इस दौरान मंडल अध्यक्ष रामेश्वर पूरी, मंडल महामंत्री श्यामकुमार टंडन, अजा मोर्चा मंडल अध्यक्ष मनोज बसंत, रामगुलाल साहू, रोहित भारती, गुलाब पटेल, विजय पटेल, उदय राम पटेल, रामकुमार मनहर, अरुण रायकर, अनिल वारे, दशमत चौहान, उदल वारे, सूरज बंजारे, श्रीमती रमाबाई वारे, मालती भारती, निमबाई नीराला, वृंदा भारती, संगीता भारती, चुकबाई बंजारे सहित
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणजन, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। सभी ने बाबा साहेब के बताए मार्ग पर चलने तथा सामाजिक समरसता को सुदृढ़ करने का संकल्प लिया।


