तिल्दा पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 8.5 किलो गांजा के साथ आरोपी गिरफ्तार, 4.75 लाख का मशरूका जब्त
Tilda Police Busts Drug Racket: Accused Arrested with 8.5 kg Ganja, Assets Worth ₹4.75 Lakh Seized

सौरभ यादव/ 36 न्यूज़ अपडेट
36गढ़ न्यूज अपडेट,,,
तिल्दा-नेवरा पुलिस ने अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान “ऑपरेशन निश्चय” के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने 8 किलो 500 ग्राम गांजा के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जबकि उसका साथी मौके से फरार हो गया। जब्त गांजा और मोटरसाइकिल सहित कुल 4 लाख 75 हजार रुपये का मशरूका बरामद किया गया है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना तिल्दा नेवरा को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल (सीजी 04 डीआर 5280) में दो व्यक्ति सूटकेस और बैग में गांजा लेकर खरोरा से तिल्दा होते हुए सांकरा की ओर जा रहे हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने जोता रेलवे फाटक के पास घेराबंदी की।जैसे ही संदिग्ध मोटरसाइकिल वहां पहुंची, पुलिस को देखकर पीछे बैठा व्यक्ति कूदकर भाग निकला, जबकि चालक को मौके पर ही पकड़ लिया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से 8.5 किलो गांजा बरामद किया गया, जिसकी अनुमानित कीमत 4 लाख 25 हजार रुपये बताई जा रही है। साथ ही घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त की गई।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुमान माण्डले (22 वर्ष), निवासी ग्राम सांकरा, थाना तिल्दा नेवरा के रूप में हुई है। उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 20(बी) के तहत मामला दर्ज कर न्यायिक रिमांड पर केंद्रीय जेल रायपुर भेज दिया गया है।
यह कार्रवाई पुलिस महानिरीक्षक रायपुर रेंज के निर्देशन में चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। थाना प्रभारी रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में उप निरीक्षक अरुण कुमार भोई और टीम ने इस ऑपरेशन को सफलतापूर्वक अंजाम दिया। पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में अवैध नशे के कारोबार के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


