राशन का चावल नहीं मिलने से सरोरा के ग्रामीण नाराज, तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन

सौरभ यादव/ 36 न्यूज़ अपडेट
36गढ़ न्यूज अपडेट,,,
तिल्दा-नेवरा।रायपुर जिले के तिल्दा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत सरोरा में सरकारी राशन नहीं मिलने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिल रहा है। गांव के लगभग 700 परिवार पिछले एक माह से राशन के चावल का इंतजार कर रहे हैं, जिससे उनके सामने भोजन का संकट खड़ा हो गया है।
ग्राम पंचायत सरोरा में सैकड़ों महिला-पुरुषों की बैठक आयोजित कर यह निर्णय लिया गया कि जब तक मार्च माह का राशन नहीं मिलेगा, तब तक उचित मूल्य की दुकान नहीं खुलने दी जाएगी। ग्रामीणों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो रहा है।
इसी कड़ी में सरपंच प्रतिनिधि विश्राम साहू के नेतृत्व में पंचगण और ग्रामीणों ने तहसीलदार राम प्रसाद बघेल को ज्ञापन सौंपकर स्थिति से अवगत कराया। ज्ञापन में बताया गया कि पिछले महीने भी राशन वितरण में देरी हुई थी और आधे से अधिक हितग्राहियों को राशन नहीं मिल पाया था।
तहसीलदार ने ग्रामीणों को समझाइश देते हुए अप्रैल माह का राशन लेने की अपील की और आश्वासन दिया कि मार्च माह का राशन भी जल्द उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने बताया कि खाद्य अधिकारी द्वारा इस संबंध में उच्च अधिकारियों को पत्र भेजा गया है।
वहीं उचित मूल्य दुकान के सेल्समैन रमेश पात्रे ने बताया कि सर्वर डाउन होने के कारण हितग्राहियों के हस्ताक्षर नहीं हो पाए, जिससे वितरण प्रभावित हुआ है।
समस्या के समाधान नहीं होने से नाराज ग्रामीणों ने अनुविभागीय अधिकारी कार्यालय पहुंचकर भी संबंधित अधिकारियों के नाम ज्ञापन सौंपा है। ग्रामीणों ने जल्द राशन उपलब्ध कराने की मांग की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।

