बटकी में कांग्रेस नेताओं का भव्य स्वागत, पंचायत एवं बूथ कमेटियों का गठन

सरायपाली, 28 मार्च 2026। सरायपाली विधानसभा क्षेत्र के ग्राम बटकी एवं चिवराकुटा में कांग्रेस पार्टी के संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण के उद्देश्य से पंचायत एवं बूथ कमेटी गठन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव एवं क्षेत्रीय विधायक चातुरी नंद मुख्य रूप से शामिल हुए।
ग्राम बटकी में दोनों नेताओं का ग्रामीणों और कार्यकर्ताओं द्वारा बाजे-गाजे और पारंपरिक उत्साह के साथ भव्य स्वागत किया गया। पूरे गांव में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
कार्यक्रम के दौरान पंचायत एवं बूथ स्तर पर नई कमेटियों का गठन किया गया। साथ ही नवनियुक्त जिला पदाधिकारियों एवं पंचायत और बूथ कमेटी के सदस्यों को बधाई एवं शुभकामनाएं दी गईं।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष द्वारिकाधीश यादव ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि गांव-गांव तक पार्टी की नीतियों को पहुंचाना और बूथ स्तर को सशक्त बनाना बेहद जरूरी है, क्योंकि मजबूत बूथ ही संगठन की असली ताकत होती है।
विधायक चातुरी नंद ने भी कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर जनसेवा में सक्रिय भूमिका निभाने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी हमेशा आम जनता के हितों के लिए समर्पित रही है और कार्यकर्ताओं की मेहनत से संगठन को नई दिशा मिलेगी।
इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष परमानंद नायक, भरत मेश्राम, जिला महामंत्री डॉ. बिरंची बेताल, रूपानंद पटेल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष तन्मय पंडा, ग्रामीण अध्यक्ष तेजराम पटेल, घसिया सिदार, दीपक साहू सहित अनेक वरिष्ठ नेता, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में ग्रामीणों की उत्साहपूर्ण भागीदारी ने पूरे आयोजन को ऊर्जावान और सफल बना दिया।

