संगीत नगरी खैरागढ़ में आज से दो दिवसीय कला कुंभ का हो रहा आयोजन


खैरागढ़. संगीत नगरी खैरागढ़ में दो दिवसीय सांगीतिक कार्यक्रम कला कुंभ का शनिवार 1 मार्च से आगाज होगा। मिली जानकारी अनुसार इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में अध्ययनरत कलाकार छात्रों के समूह सेवन सेजेस संस्था के संयोजन में देश-प्रदेश के प्रतिष्ठित कलाकार इस आयोजन में अपनी खूबसूरत प्रस्तुति देंगे। विशेषतौर पर देश के जाने-माने म्यूजिकल बैंड्स दायरा इंडिया व आहट नाद के कलाकार खैरागढ़ में अपनी प्रस्तुति से कला कुंभ के शानदार आयोजन में चार चांद लगायेंगे। इसके साथ ही प्रदेश के 6 प्रतिष्ठित म्यूजिकल बैंड्स विवेक पाठक लाईव, कास्टिक हार्मोनी, द औरा, बीबी लाईव, अलबेला राही, विस्तार व सम्राट लाईव म्यूजिकल बैंड्स की भी प्रस्तुति होगी। हमें सेवन सेजेस ग्रुप के रोहन मालवीया, श्रेयश नेमाड़, आयुष कुमार भुलावी, दिव्यांशु यादव, चंदन कुमार, ऋषभ राज, आकाश धुर्वे, बृजभूषण सिंह व रोहित कुमार सहित कार्यक्रम में विशेष सहयोग देने वाले वी शंकरा व वर्या सीटी के संचालक समाजसेवी विकास आर्या ने पत्रवार्ता में बताया कि इंदिरा कला संगीत विश्वविद्यालय में शास्त्रीय गीत संगीत की शिक्षा प्राप्त करने के बाद छात्रों के एक समूह ने सप्त ऋषि तारा मंडल की अवधारणा को लेकर कला व कलाकारों को स्वतंत्र मंच प्रदान करने के उद्देश्य से सेवन सेजेस ग्रुप का गठन आज से तकरीबन 4 साल पूर्व सन 2020 में किया था जिसके बाद इस ग्रुप के सदस्यों ने लोक से लोग तक व ऑटम जोम के नाम से लगातार तीन वर्षों तक शानदार कार्यक्रमों का आयोजन किया। इन्होंने अपने कार्यक्रमों की शानदार सफलता के बाद वृहद स्तर पर इस वर्ष कला कुंभ के नाम से आयोजन की रूपरेखा तैयार की जो अब खैरागढ़ स्टेट हाईवे में स्थित उत्तम बाड़ा परिसर में आयोजित होगी। गौरतलब है कि 1 मार्च शनिवार को शाम 4 बजे से खैरागढ़ सहित प्रदेश के प्रतिभाशाली कलाकार इस आयोजन में अपनी प्रस्तुति देंगे. खास बात ये है कि इसके लिये खासतौर पर ऑडिशंस भी हुआ था जहां 26 बैंड्स के लगभग 120 कलाकारों ने शिरकत की थी। पत्रकार वार्ता में ग्रुप के सदस्यों ने बताया कि विश्वविद्यालय में मास्टर्स की डिग्री लेने के बाद क्लासिकल बेस्ड छात्रों के कला समूह ने स्वतंत्र संगीत के विकास को लेकर प्रयास शुरू किया जिसमें क्लासिकल और वेस्टर्न म्यूजिक के साथ ही आधुनिक संगीत को लेकर फ्यूजन तैयार किया गया है जो आज के समय की मांग है और छात्र कलाकारों का संस्थान भविष्य के लिये बेहतर संगीत परिकल्पना को साकार करने कार्यरत है।
कला कुंभ के समापन में जुटेंगे नामचीन कलाकार
दो दिवसीय कला कुंभ के समापन अवसर पर इस आयोजन में नामचीन कलाकारों का जमावड़ा होगा जिसमें विशेषतौर पर मुंबई से आ रहे देश के प्रतिष्ठित म्यूजिकल बैंड्स दायरा इंडिया व आहट नाद के साथ ही रायपुर से ताजगी द बैंड, रागा खैरागढ़, द सूफी स्पीरीट खैरागढ़ व सेवन सेजेस खैरागढ़ के कलाकारों की शानदार प्रस्तुति होगी। समापन अवसर पर फाइन आर्ट्स से जुड़े कार्यक्रम भी आयोजित होंगे वही 2 मार्च रविवार को नगर के उत्तम बाड़ा में दोपहर 2 बजे से कार्यक्रम का शुभारंभ होगा.


