लापरवाही पूर्वक तेज रफ्तार ट्रक चालक ने 65 वर्षीय बुजुर्ग को बुरी तरह कुचला, दर्दनाक मौत

00 दुर्ग स्टेट हाइवे मार्ग पर खैरागढ़ के अमलीपारा में हुई दिल दहला देने वाली दुखद दुर्घटना

00 लापरवाही पूर्वक दुर्घटना को अंजाम देकर वाहन चालक ट्रक सहित हुआ फरार
00 दुर्घटना के बाद तकरीबन 1 घंटे बाधित रहा दुर्ग स्टेट हाईवे मार्ग
खैरागढ़. बहुत लापरवाही से तेज रफ्तार में शहर के भीतर चल रही ट्रक की चपेट में आने से अमलीपारा निवासी 65 वर्षीय बुजुर्ग की दुर्घटना स्थल पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हमें प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ट्रक का वाहन चालक बेहद लापरवाही पूर्वक तेज गति से वाहन चला रहा था और बुजुर्ग को सड़क पर ही बुरी तरह कुचल दिया जिससे उसकी मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बताया जा रहा है कि ये दुखद घटना सुबह तक़रीबन 10 बजे दुर्ग स्टेट हाइवे मार्ग पर खैरागढ़ के वार्ड क्रमांक 12 अमलीपारा में हुई। इस दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम देकर बेहद लापरवाह ट्रक का वाहन चालक मौके से ट्रक लेकर फरार भी हो गया और दुर्घटना के बाद अमलीपारा में दुर्घटना स्थल पर लोगों की काफ़ी भीड़ इकट्ठी हो गई जिसके कारण लगभग 1 घंटे तक दुर्ग स्टेट हाईवे में आवागमन भी बाधित रहा। जानकारी अनुसार अमलीपारा दुर्ग रोड पर सुबह 10 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ जहां अमलीपारा निवासी नरसिंग चंद्राकर उम्र
65 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई वही प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार मृतक पैदल ही उक्त मार्ग पर अपनी दिशा में चल रहा था तभी दुर्ग की से ओरआ रहे तेज रफ्तार अज्ञात ट्रक ने उसे टक्कर मार दी और ये टक्कर इतनी भयानक थी कि अधेड़ ट्रक के पहियों के नीचे आ गया और हाइवे में कई मीटर तक घसीटता चला गया जिससे उसका शरीर क्षत-विक्षत हो गया और सड़क पर उसके चिथड़े बिखर गये। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच की कार्रवाई शुरू की गई वही मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सुपुर्द कर दिया गया। खबर लिखे जाने तक पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी अनुसार घटना के लिए जिम्मेदार आरोपी लापरवाह वाहन चालक को ट्रक सहित गिरफ्तार भी कर लिया गया है। इधर इस दिल दहला देने वाली दुर्घटना के बाद अमलीपारा वार्ड में मातम का माहौल है और मृतक के परिजन बहुत सदमे में है और उनका रो-रोकर बुरा हाल है.


