*वक्ता मंच के सेवा कार्यों को मिला सम्मान*

सारंगढ़ । छग की प्रतिष्ठित सामाजिक एवं साहित्यिक संस्था ‘वक्ता मंच’ के तीन दशकों के सेवा संकल्प को एक और बड़ी उपलब्धि हासिल हुई है। राजधानी के वृंदावन सभागृह में आयोजित एक गरिमामयी समारोह में तपस्या सामाजिक सेवा संस्थान द्वारा वक्ता मंच को उनके उत्कृष्ट समाज सापेक्ष कार्यों के लिए सम्मानित किया गया। वक्ता मंच के अध्यक्ष राजेश पराते ने बताया कि इस सम्मान को संस्था की ओर से संयोजक शुभम साहू, संरक्षिका ज्योति शुक्ला एवं डॉ. गोपा शर्मा ने ग्रहण किया । कार्यक्रम की मुख्य अतिथि राज्यपाल सचिवालय की उपसचिव सुश्री निधि साहू थीं । समारोह की अध्यक्षता रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा ने की, जबकि विशिष्ट अतिथि के रूप में बजरंग पावर के महाप्रबंधक सुरेश अग्रवाल एवं अपर जिला दंडाधिकारी उमाशंकर बंदे उपस्थित रहे।
वक्ता मंच पिछले 30 वर्षों से साहित्य, कला, शिक्षा, खेल और पत्रकारिता जैसे क्षेत्रों में नवोदित प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर रहा है। संस्था केवल आयोजनों तक सीमित नहीं है, बल्कि बाल व वृद्धाश्रमों में त्यौहारों की खुशियाँ बाँटना। जरूरतमंदों को भोजन, वस्त्र और कंबल उपलब्ध कराना। निर्धन मेधावी छात्रों को छात्रवृत्ति देना। ग्रामीण स्कूलों में चप्पल वितरण जैसे महत्वपूर्ण प्रकल्प चलाना इसकी पहचान है। इस उपलब्धि पर वक्ता मंच ने तपस्या संस्थान के राहुल शर्मा, डॉ. प्रीति एवं प्रेम प्रकाश साहू का आभार व्यक्त किया है। अध्यक्ष राजेश पराते ने इस सम्मान को संस्था के समस्त कर्मठ कार्यकर्ताओं को समर्पित करते हुए कहा यह सम्मान हमारे लिए ऊर्जा का स्रोत है, जिससे हम अपनी जन सापेक्ष गतिविधियों को और अधिक विस्तार देंगे। नेहरू युवा केंद्र से लेकर पुलिस विभाग और निर्वाचन आयोग तक से सम्मानित हो चुका वक्ता मंच आज प्रदेश में सेवा और समर्पण का दूसरा नाम बन चुका है।


