सारंगढ़-बिलाईगढ़ में सड़क दुर्घटनाओं पर रोक लगाने की मांग, अधिवक्ता ने सौंपा ज्ञापन

सारंगढ़–बिलाईगढ़।
नगर में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और जनहानि की घटनाओं को लेकर अधिवक्ता अनुरोध पटेल ने जिला प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। यह ज्ञापन जिला कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक को सौंपा गया, जिसमें नगर में अनियंत्रित वाहन संचालन, अवैध पार्किंग तथा नियमों के विपरीत फ्लाई ऐश डस्ट के परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की गई है।
ज्ञापन में कहा गया है कि नगर के प्रमुख मार्गों—गौरवपथ, रायगढ़ रोड, रायपुर रोड आदि पर तेज गति, लापरवाहीपूर्वक एवं उपेक्षापूर्ण वाहन चलाने की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। कई वाहन चालक मोबाइल पर बात करते हुए वाहन चलाते हैं, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा और बढ़ जाता है। इसके अतिरिक्त मार्गों पर अवैध पार्किंग भी दुर्घटनाओं का प्रमुख कारण बन रही है।
अधिवक्ता अनुरोध पटेल ने यह भी उल्लेख किया है कि कुछ कंपनियों द्वारा नियमों के विपरीत फ्लाई ऐश (डस्ट) का परिवहन किया जा रहा है। इन वाहनों से गिरने वाली धूल सड़कों पर बिखर जाती है, जिससे फिसलन और दृश्यता की समस्या उत्पन्न होती है और दुर्घटनाएं घटित हो रही हैं। इसके चलते कई लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ी है, जो अत्यंत गंभीर और चिंताजनक विषय है।
ज्ञापन में प्रशासन से मांग की गई है कि नगर में नियमित और सख्त यातायात पेट्रोलिंग की व्यवस्था की जाए, तेज गति और लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने वालों के विरुद्ध कड़ी चालानी कार्रवाई की जाए तथा अवैध रूप से फ्लाई ऐश डस्ट का परिवहन करने वाले वाहनों पर नियमानुसार दंडात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
अंत में अधिवक्ता ने जनहित को सर्वोपरि रखते हुए प्रशासन से आग्रह किया है कि आम जनता की सुरक्षा सुनिश्चित करने हेतु शीघ्र प्रभावी कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में ऐसी दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके और नगरवासी सुरक्षित वातावरण में आवागमन कर सकें।


