BlogCHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARHखैरागढ़

कांग्रेस या भाजपा, कौन होगा छुईखदान और गंडई नगर की सत्ता में काबिज, फैसला आज



00 शनिवार को सुबह 8 बजे से शुरू होगी मतगणना
00 किसकी बनेगी नगर सरकार, सुबह 11 बजे तक हो जायेगा निर्णय
00 छुईखदान में कांग्रेस से नम्रता गिरिराज किशोर दास वैष्णव और भाजपा से शीतल नवनीत जैन में टक्कर
00 गंडई में कांग्रेस से राजा टारकेश्वर शाह खुशरो और भाजपा से राजेश मेहता डब्बू में टक्कर

खैरागढ़. कांग्रेस या भाजपा, कौन होगा छुईखदान और गंडई नगर की सत्ता में काबिज, फैसला आज.. गौरतलब है कि केसीजी जिले के छुईखदान नगर पंचायत व गंडई नगर पंचायत में 11 फरवरी मंगलवार को नगर सरकार में कौन काबिज होगा इसका फैसला अपने गुप्त मतदान से आम जनता ने कर दिया था और अब शनिवार 15 फरवरी को सुबह 8 बजे से मतगणना शुरू होगी और किसकी बनेगी नगर सरकार, ये फैसला तकरीबन सुबह 11 बजे तक हो भी जायेगा.


छुईखदान में कांग्रेस से नम्रता गिरिराज किशोर दास वैष्णव और भाजपा से शीतल नवनीत जैन में टक्कर

पाठकों को बता दे कि छुईखदान नगर पंचायत अध्यक्ष पद के लिए कांग्रेस से नम्रता गिरिराज किशोर दास वैष्णव और भाजपा से शीतल नवनीत जैन में टक्कर थी और अब शनिवार को जनता ने किसके हक में फैसला दिया है ये सुबह 11-12 बजे तक स्पष्ट हो जायेगा.

अगर महतारी वंदन योजना का असर फीका रहा तो भाजपा को छुईखदान में  लग सकता है बड़ा झटका

हालांकि आम जनता से बातचीत के बाद जो रुझान सामने आया है उसके हिसाब से छुईखदान में कांग्रेस प्रत्याशी नम्रता गिरिराज किशोर दास वैष्णव अपनी प्रतिद्वंदी शीतल नवनीत जैन पर भारी पड़ते नज़र आ रही है पर अब देखना ये है कि भाजपा सरकार की महिलाओ के लिए बीते एक वर्ष से लागू की गई महतारी वंदन योजना, किसानों व आम आदमी के हित में लागू की गई अन्य योजनाएं क्या असर डाली है क्योंकि अगर महतारी वंदन योजना और अन्य योजनाओं का असर फीका रहा तो भाजपा को छुईखदान में बड़ा झटका लग सकता है. गौरतलब है कि छुईखदान नगर पंचायत अध्यक्ष चुनाव में कांग्रेस की प्रत्याशी रानी नम्रता दास वैष्णव के पति छुईखदान के राजा गिरिराज किशोर दास वैष्णव भाजपा के कद्दावर नेता थे और दो बार भाजपा से ही नगर पंचायत छुईखदान अध्यक्ष का चुनाव जीत चुके है पर इस बार जब छुईखदान नगर पंचायत अध्यक्ष की सीट सामान्य महिला हुई तो भाजपा ने उनकी दावेदारी को दरकिनार कर भाजपा के अल्पसंख्यक मोर्चा के जिला अध्यक्ष युवा नेता नवनीत जैन की पत्नी शीतल जैन को टिकट दे दी. खास बात ये है कि भाजपा की अध्यक्ष प्रत्याशी शीतल नवनीत जैन के पिता खूबचंद पारख है जो भाजपा के कद्दावर नेता है और शीतल को टिकट मिलने की एक बड़ी वजह ये भी रही पर इसी बात से नाराज़ होकर दो बार अजेय रहें पूर्व नगर पंचायत अध्यक्ष राजा गिरिराज किशोर दास वैष्णव ने पार्टी से बगावत कर दी और भाजपा पर परिवारवाद का बड़ा आरोप लगाते हुए पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज के समक्ष अपने सैकड़ों समर्थको के साथ ऐन चुनाव के पहले कांग्रेस ज्वाइन कर ली और कॉन्ग्रेस में शामिल होने के दूसरे ही दिन उनकी पत्नी रानी नम्रता दास वैष्णव को कॉन्ग्रेस से छूईखदान नगर पंचायत अध्यक्ष पद की अधिकृत टिकट देकर प्रत्याशी बना दिया गया था. अब देखना ये है कि छुईखदान की जनता शनिवार को किसके सिर पर जीत का ताज पहनाती है.

गंडई में भी कांग्रेस प्रत्याशी पड़े भारी, भाजपा प्रत्याशी को सरकार की योजनाओं का सहारा

आम जनता से हमें मिली प्रतिक्रिया को अगर सच माने तो गंडई में भी कांग्रेस प्रत्याशी राजा लाल टारकेश्वर शाह खुशरो अपनी छवि के दम पर भारी पड़े है पर भाजपा प्रत्याशी राजेश मेहता डब्बू को भी प्रदेश भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का बड़ा सहारा है, खासकर महतारी वंदन योजना के अंतर्गत प्रतिमाह 1000 की राशि महिलाओ को मिलने और किसानों को 3100 रूपये के हिसाब से धान की कीमत मिलना शामिल है. गौरतलब है कि गंडई नगर पंचायत अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी राजा लाल टारकेश्वर शाह खुसरो वहां के जमींदार है और हर वर्ग में उनकी बड़ी पकड़ है, जब उन्हें टिकट मिली तो गंडई नगर वासियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिला था वही भाजपा के अध्यक्ष प्रत्याशी राजेश मेहता डब्बू पूर्व में एक बार पार्षद रह चुके है और गंडई में बीते दो दशकों से भाजपा ने ताम्रकार या देवांगन परिवार पर भरोसा जताया था पर इस बार भाजपा आलाकमान ने उन पर विश्वास करते हुए पहली बार उन्हें अध्यक्ष प्रत्याशी बनाया है. अब देखना ये है कि कांग्रेस प्रत्याशी का कद भाजपा पर भारी पड़ता हैं कि भाजपा सरकार की आम जनता और महिलाओ और किसानों के हित में लागू की गई योजनाएं भाजपा प्रत्याशी राजेश मेहता डब्बू के लिए संजीवनी का काम करती है. बहरहाल कौन जीतेगा और कौन हारेगा, ये शनिवार को सुबह मतगणना शुरू होने के 3 घंटे बाद स्पष्ट हो जायेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest