*बिजली बिल में बढ़ोतरी वापस लें सरकार- अरुण*

सारंगढ़ । बिजली की दरों में बढ़ोतरी को लेकर कांग्रेस नेता पूर्व जिपं अध्यक्ष अरुण मालाकार ने भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि मोदी सरकार की महंगाई ने पहले ही आम जनता की कमर तोड़ रखी है । ऐसे में छग में भाजपा की साय की सरकार द्वारा बिजली की दर में बढ़ोतरी यहां के 64 लाख विद्युत उपभोक्ताओं और आम जनता के साथ ज्यादती है। सरप्लस बिजली वालेछग राज्य में साय सरकार के 18 माह के कार्यकाल में सरकार ने तीसरी बार बिजली की दर में वृद्धि किया है । बिजली दरों में हुई वृद्धि पहले से ही महंगाई की मार झेल रहे हैं आम जनता पर अतिरिक्त बोझ डालने और कमर तोड़ने वाली है ।
अरुण मालाकार ने कहा कि – साय सरकार को आम जनता को जवाब देना होगा कि – सरप्लस बिजली वाले राज्य में बिजली उत्पादन में लगने वाला कोयला प्रदेश में उपलब्ध है , एवं छग देश के अन्य राज्यों को भी कोयला दे रहा है और जब बिजली उत्पादन से संबंधित किसी भी वस्तु की दर में अभी कोई वृद्धि नहीं हुई है तो फिर बिजली दर की बढ़ोतरी क्यों की गई । साय सरकार ने डेढ़ साल में बिजली के दाम लगभग 20 फ़ीसदी बढ़ा दिया है । घरेलू बिजली में 10 से 20 पैसे , गैर घरेलू बिजली में 25 पैसे , कृषि काम में 50 पैसे प्रति यूनिट की बढ़ोतरी की है । इससे पहले भी बढ़ोतरी की गई थी , यह आम जनता पर अत्याचार है ।


