सड़क और राष्ट्रीय राजमार्गों को लेकर राष्ट्रीय चिंतन शिविर में शामिल हुए उप मुख्यमंत्री अरुण साव
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 5 अक्टूबर 2026
उप मुख्यमंत्री एवं लोक निर्माण मंत्री अरुण साव गुजरात के नर्मदा में आयोजित दो दिवसीय राष्ट्रीय चिंतन शिविर में शामिल हुए। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय द्वारा “गतिशक्ति से प्रगति” थीम पर आयोजित इस शिविर का शुभारंभ केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने किया। इस अवसर पर केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा भी मौजूद रहे।
राष्ट्रीय चिंतन शिविर में देश के विभिन्न राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के सड़क निर्माण से जुड़े मंत्री, अधिकारी, विशेषज्ञ और नीति निर्माता शामिल हुए। छत्तीसगढ़ की ओर से उप मुख्यमंत्री अरुण साव के साथ लोक निर्माण विभाग के प्रमुख अभियंता वी.के. भतपहरी, अपर सचिव एस.एन. श्रीवास्तव और राष्ट्रीय राजमार्ग परिक्षेत्र के मुख्य अभियंता ज्ञानेश्वर कश्यप ने भी सहभागिता की।
शिविर के पहले दिन राष्ट्रीय राजमार्गों की डिजाइन, गुणवत्ता, सड़क सुरक्षा और परियोजना प्रबंधन को लेकर तीन सत्रों में विस्तृत चर्चा हुई। इनमें पीएम गतिशक्ति के माध्यम से एकीकृत अधोसंरचना नियोजन, भूमि अधिग्रहण में तेजी एवं भूमि राशि के प्रभावी उपयोग और परियोजना क्रियान्वयन के लिए मॉडल कंसेशन एग्रीमेंट फ्रेमवर्क जैसे विषयों पर मंथन किया गया।
छत्तीसगढ़ में रायपुर-जगदलपुर, बिलासपुर-रायगढ़, कटघोरा-अंबिकापुर और रायपुर-सारंगढ़ फोरलेन राष्ट्रीय राजमार्गों की कार्ययोजना पर काम किया जा रहा है। चिंतन शिविर में तय किए जाने वाले विभिन्न फ्रेमवर्क इन परियोजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन में उपयोगी साबित हो सकते हैं।
चिंतन शिविर के दूसरे दिन 6 अक्टूबर को सुरक्षित राजमार्गों के डिजाइन, मानकों के अनुरूप क्रियान्वयन, गुणवत्ता आश्वासन और परियोजना मॉनिटरिंग जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा होगी।


