CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

नशामुक्ति जागरूकता रैली में गूंजा ‘नशा मुक्त भारत’ का संदेश, मानव श्रृंखला बनाकर लिया नशामुक्त समाज का संकल्प

📡36garhnewsupdate.com

सारंगढ़–बिलाईगढ़, 03 अक्टूबर 2026

सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा के 25 वर्ष’ थीम पर समाज कल्याण विभाग द्वारा नशा मुक्त भारत अभियान के तहत सारंगढ़ के खेलभांठा मैदान में जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में नुक्कड़ नाटक, जागरूकता रैली और मानव श्रृंखला के माध्यम से युवाओं एवं आम नागरिकों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया गया।

कार्यक्रम के दौरान नशामुक्ति विषय पर प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक के माध्यम से नशे के कारण व्यक्ति, परिवार और समाज पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को प्रभावी ढंग से प्रदर्शित किया गया। कलाकारों ने लोगों से नशे से दूर रहने तथा अपने आसपास के लोगों को भी नशामुक्ति के प्रति जागरूक करने की अपील की।

इसके बाद खेलभांठा मैदान से नशा मुक्त भारत जागरूकता रैली निकाली गई। रैली में एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता, स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी शामिल हुए। प्रतिभागियों ने नशामुक्ति से जुड़े संदेशों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया।

खेलभांठा मैदान में प्रतिभागियों ने मानव श्रृंखला बनाकर नशा मुक्त भारत का संदेश दिया। इस अवसर पर डिप्टी कलेक्टर राणा विजय ने उपस्थित लोगों को नशे से दूर रहने, परिवार एवं समाज को नशामुक्त बनाने तथा नशामुक्ति के लिए जनजागरूकता बढ़ाने की शपथ दिलाई।

कार्यक्रम में समाज कल्याण विभाग से विनय तिवारी, स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी-कर्मचारी, एनसीसी कैडेट्स, स्कूली छात्र-छात्राएं, सामाजिक कार्यकर्ता एवं विभिन्न स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी प्रतिभागियों ने नशामुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय सहभागिता निभाने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest