बीरगांव में ‘सेवा सेतु-सरकार आपके द्वार’ का वृहद शिविर, 6527 आवेदनों में 6500 का निराकरण
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 03 अक्टूबर 2026
सेवा संकल्प माह के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ के तहत रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-48 में आडवाणी आर्लिकोन शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, बीरगांव परिसर में विधानसभा स्तरीय वृहद शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों की जनकल्याणकारी योजनाओं और नागरिक सेवाओं को एक ही स्थान पर उपलब्ध कराते हुए प्राप्त आवेदनों एवं समस्याओं के त्वरित निराकरण पर जोर दिया गया।
शिविर में रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, नेता प्रतिपक्ष ओमप्रकाश साहू, पूर्व महापौर अम्बिका यदु, स्थानीय पार्षदगण, नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त युगल किशोर उर्वशा, एसडीएम नभ सिंह कोशले, तहसीलदार राजकुमार साहू सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे। विभागीय स्टॉल और काउंटरों के माध्यम से नागरिकों को योजनाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को मौके पर लाभान्वित किया गया।
विधायक मोतीलाल साहू ने कहा कि ‘सरकार आपके द्वार’ की भावना के साथ आयोजित इन शिविरों का उद्देश्य शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाना और नागरिकों की समस्याओं का उनके नजदीक ही समाधान करना है। उन्होंने कहा कि रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र और बीरगांव में विकास एवं जनकल्याण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता दी जा रही है।
6527 आवेदन प्राप्त, 6500 का निराकरण
शिविर में कुल 6527 आवेदन प्राप्त हुए। इनमें 6505 मांग संबंधी और 22 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल थे। इनमें से 6500 आवेदनों का निराकरण किया गया। निराकृत आवेदनों में 6482 मांग संबंधी और 18 शिकायत संबंधी आवेदन शामिल हैं। शेष 27 आवेदनों में 23 मांग तथा 4 शिकायत संबंधी प्रकरण लंबित हैं, जिनके निराकरण की प्रक्रिया संबंधित विभागों द्वारा की जा रही है।
राजस्व के 3962 और श्रम विभाग के 1826 प्रकरणों का निराकरण
शिविर में राजस्व विभाग के 3962 प्रकरणों का शत-प्रतिशत निराकरण किया गया। श्रम विभाग के 1826 आवेदनों का निपटारा किया गया। भवन अनुज्ञा से संबंधित 409 आवेदनों पर स्वीकृति की कार्रवाई की गई, जबकि सूर्य घर योजना के 113 आवेदनों का समाधान किया गया।
इसके अलावा 34 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड से लाभान्वित किया गया। नामांतरण के 64, पेयजल के 18, अनुज्ञप्ति एवं लाइसेंस से संबंधित 12 तथा विद्युत से जुड़े 2 प्रकरणों का निराकरण किया गया। राशन कार्ड से संबंधित प्रकरणों पर भी आवश्यक कार्रवाई की गई।
मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत 10 हितग्राहियों को राशि
शिविर में मुख्यमंत्री गृह प्रवेश सम्मान योजना के तहत नगर पालिक निगम बीरगांव क्षेत्र के 10 हितग्राहियों को सम्मान राशि प्रदान की गई। प्रत्येक हितग्राही को 32 हजार 850 रुपये के मान से कुल 3 लाख 28 हजार 500 रुपये की राशि प्रदान की गई।
इसके अलावा श्रमिक कार्ड वितरण, नोनी सुरक्षा योजना और दीदी ई-रिक्शा योजना सहित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के संबंध में पात्र हितग्राहियों को लाभ एवं आवश्यक मार्गदर्शन उपलब्ध कराया गया। रायपुर ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र की विभिन्न ग्राम पंचायतों के बाढ़ आपदा प्रभावित हितग्राहियों को सहयोग राशि उपलब्ध कराने से संबंधित प्रकरणों पर भी आवश्यक कार्रवाई की गई।
नगर पालिक निगम बीरगांव के आयुक्त युगल किशोर उर्वशा ने कहा कि सेवा सेतु अभियान के माध्यम से शासन की योजनाओं और नागरिक सेवाओं को लोगों के नजदीक उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। विभिन्न विभागों के समन्वय से आयोजित शिविरों के माध्यम से नागरिकों को एक ही स्थान पर अनेक सेवाएं मिल रही हैं और पात्र आवेदनों का समयबद्ध निराकरण किया जा रहा है।
‘सेवा सेतु अभियान–सरकार आपके द्वार’ के माध्यम से शासन और जनता के बीच सीधा संवाद स्थापित करने का प्रयास किया जा रहा है। शिविर में अधिकारी-कर्मचारी नागरिकों की समस्याएं सुनकर पात्र प्रकरणों पर कार्रवाई कर रहे हैं, जिससे लोगों को विभिन्न कार्यालयों के चक्कर लगाने से राहत मिल रही है।
सेवा सेतु अभियान 17 अक्टूबर तक जारी रहेगा। निगम प्रशासन ने नागरिकों से आगामी शिविरों में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, नागरिक सेवाओं और विभागीय सुविधाओं का लाभ लेने की अपील की है।



