CHHATTISGARHnewsraipur

सेवा सेतु शिविर में 93 हितग्राही हुए प्रत्यक्ष लाभान्वित, 178 आवेदन प्राप्त

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 5 अक्टूबर 2026

रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में छत्तीसगढ़ शासन की महत्वपूर्ण योजना ‘सेवा सेतु शिविर—सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा स्तरीय शिविर आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न शासकीय योजनाओं से संबंधित कुल 178 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से पात्र पाए गए 93 हितग्राहियों को मौके पर ही विभिन्न योजनाओं का लाभ प्रदान किया गया।

शिविर में 14 नागरिकों को राशन कार्ड, 7 को आयुष्मान कार्ड और 3 को आय प्रमाणपत्र तत्काल प्रदान किए गए। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 22 हितग्राहियों को मकान निर्माण के लिए भवन अनुज्ञा स्वीकृति पत्र दिए गए। वहीं पेंशन योजनाओं के अंतर्गत 12 प्रकरणों को स्वीकृति प्रदान की गई।

बाढ़ आपदा राहत प्रबंधन योजना के तहत राजस्व विभाग द्वारा 23 बाढ़ प्रभावित हितग्राहियों को 5-5 हजार रुपये के धनादेश प्रदान किए गए। इसके अलावा छत्तीसगढ़ राज्य विद्युत वितरण कंपनी द्वारा पीएम सूर्यघर योजना के तहत 6 हितग्राहियों को सोलर प्रमाणपत्र दिए गए। 4 दंपतियों को विवाह पंजीयन प्रमाणपत्र भी शिविर स्थल पर प्रदान किए गए।

श्रम विभाग द्वारा नौनी सशक्तिकरण योजना के 2 प्रकरण और नौनी बाबू माधवी शिक्षा सहायता योजना के 2 प्रकरणों को तत्काल स्वीकृति प्रदान की गई। इस तरह विभिन्न योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को शिविर स्थल पर ही प्रत्यक्ष लाभ मिला।

जनप्रतिनिधियों ने किया विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण

शिविर में राज्यसभा सांसद लक्ष्मी वर्मा और रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने नगर निगम सभापति सूर्यकान्त राठौड़, छत्तीसगढ़ राज्य लौह शिल्पकार विकास बोर्ड अध्यक्ष प्रफुल्ल विश्वकर्मा, नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथलेश चौधरी सहित जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया।

उन्होंने शिविर में पहुंचे नागरिकों से चर्चा कर उनकी समस्याओं और आवश्यकताओं की जानकारी ली। साथ ही संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि शासकीय योजनाओं के लिए पात्र सभी हितग्राहियों को शिविर के माध्यम से वांछित लाभ उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।

शिविर में नगर निगम के एमआईसी सदस्य, जोन अध्यक्ष, पार्षद, एल्डरमैन, विभिन्न जोनों के अधिकारी-कर्मचारी तथा संबंधित शासकीय विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का संचालन एवं अंत में आभार प्रदर्शन रायपुर नगर निगम के अपर आयुक्त स्वास्थ्य विनोद पाण्डेय ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest