CHHATTISGARHnewsबिलासपुर

पीएम आवास और ई-बस परियोजनाओं में तेजी के निर्देश, 15 दिनों में कमियां दूर करने प्रमुख सचिव ने दिए निर्देश

📡36garhnewsupdate.com

बिलासपुर, 6 अक्टूबर 2026

नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के प्रमुख सचिव सोनमणि बोरा ने मंगलवार को बिलासपुर के सकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत निर्मित आवासों तथा कोनी में पीएम ई-बस सेवा के लिए निर्माणाधीन टर्मिनल और चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने दोनों परियोजनाओं की प्रगति और निर्माण गुणवत्ता का जायजा लेते हुए अधिकारियों को कमियां दूर कर कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सकरी में प्रधानमंत्री आवास योजना के एएचपी घटक के तहत करीब 11 करोड़ 75 लाख रुपए की लागत से 261 आवास तैयार किए गए हैं। निरीक्षण के दौरान फ्लोर पर टाइल्स नहीं लगे होने और फिनिशिंग कार्य अधूरा पाए जाने पर प्रमुख सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने नगर निगम के इंजीनियरों और निर्माण एजेंसियों को कमियां तत्काल दूर कर फिनिशिंग कार्य शीघ्र पूरा करने के निर्देश दिए। उन्होंने किचन और प्लेटफॉर्म के आकार, निर्माण में उपयोग की गई सामग्री तथा अब तक हुए कार्यों की भी जानकारी ली।

प्रमुख सचिव ने आवासीय परिसर में बाउंड्रीवाल निर्माण के लिए प्रस्ताव तैयार करने के साथ परिसर में साफ-सफाई की बेहतर व्यवस्था, लोगों के बैठने के लिए कुर्सियां और बच्चों के लिए खेल क्षेत्र विकसित करने के निर्देश दिए। उन्होंने शेष कार्यों में तेजी लाने के निर्देश देते हुए 15 दिनों बाद प्रगति की दोबारा समीक्षा करने की बात कही।

इसके बाद प्रमुख सचिव बोरा ने कोनी स्थित सिटी बस डिपो पहुंचकर पीएम ई-बस सेवा के तहत निर्माणाधीन टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्यों की प्रगति की जानकारी ली और बस स्टॉप को व्यवस्थित करने के साथ वहां डिस्प्ले बोर्ड लगाने के निर्देश दिए, ताकि यात्रियों को बसों के समय और आवागमन की जानकारी आसानी से मिल सके।

पीएम ई-बस सेवा के तहत बिलासपुर में 50 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों का संचालन किया जाएगा। इनमें 9 मीटर की 35 और 7 मीटर की 15 बसें शामिल हैं। इन बसों का संचालन शहर के 12 मार्गों पर किया जाएगा। मार्गों के निर्धारण में स्कूल, कॉलेज, औद्योगिक एवं व्यावसायिक क्षेत्र, पर्यटन स्थल तथा उच्च न्यायालय तक आवागमन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जा रहा है।

ई-बसों के संचालन के लिए कोनी स्थित सिटी बस डिपो में टर्मिनल कॉम्प्लेक्स, सब-स्टेशन और चार्जिंग स्टेशन के निर्माण के लिए 11 करोड़ 45 लाख रुपए स्वीकृत किए गए हैं। इसमें सिविल अधोसंरचना निर्माण के लिए 8 करोड़ 37 लाख रुपए, सब-स्टेशन के लिए 1 करोड़ 59 लाख रुपए तथा उच्च दाब विद्युत कनेक्शन के लिए 1 करोड़ 49 लाख रुपए का प्रावधान है।

वर्तमान में सिविल अधोसंरचना निर्माण का करीब 70 प्रतिशत और सब-स्टेशन निर्माण का 80 प्रतिशत कार्य पूरा हो चुका है। उच्च दाब विद्युत कनेक्शन के लिए आवश्यक अधोसंरचना का निर्माण सीएसपीडीसीएल द्वारा किया जाएगा। यात्रियों की सुविधा के लिए टर्मिनल कॉम्प्लेक्स में कैफेटेरिया और रैनबसेरा विकसित करने की भी योजना है।

निरीक्षण के दौरान सूडा के सीईओ सुमित अग्रवाल, बिलासपुर नगर निगम आयुक्त प्रकाश कुमार सर्वे सहित निगम के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest