CHHATTISGARHnewsraipur

टेकारी के शहीद योगेन्द्र शर्मा शासकीय विद्यालय में वार्षिकोत्सव की धूम, विधायक अनुज शर्मा ने मेधावी विद्यार्थियों और शिक्षकों को किया सम्मानित

📡36garhnewsupdate.com

मांढर (रायपुर), 19 नवंबर 2026।

36garhnewsupdate.com शहीद योगेन्द्र शर्मा शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, टेकारी (मांढर कॉलोनी) में वार्षिकोत्सव हर्षोल्लास और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। कार्यक्रम में धरसींवा विधायक अनुज शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने मां सरस्वती के तैलचित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलित कर समारोह का शुभारंभ किया। इस दौरान विद्यालय प्रबंधन एवं शाला विकास समिति की ओर से विधायक का पुष्पगुच्छ, शॉल और स्मृति चिह्न भेंटकर स्वागत किया गया।

वार्षिकोत्सव में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों, छत्तीसगढ़ी लोकनृत्यों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और प्रेरणादायक नाटकों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। रंगारंग प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ की संस्कृति और देशभक्ति की झलक देखने को मिली। विद्यार्थियों की शानदार प्रस्तुतियों पर उपस्थित अतिथियों और दर्शकों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया।

समारोह में शैक्षणिक, खेलकूद, सांस्कृतिक एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विधायक अनुज शर्मा ने पुरस्कार और प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। वहीं शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम देने वाले शिक्षकों को भी विशेष रूप से सम्मानित किया गया। इस अवसर पर शिक्षकों के समर्पण, मेहनत और विद्यार्थियों के प्रति उनके मार्गदर्शन की सराहना की गई।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक अनुज शर्मा ने कहा कि वार्षिकोत्सव केवल मनोरंजन का माध्यम नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास और उनकी छिपी प्रतिभाओं को सामने लाने का महत्वपूर्ण अवसर है। विद्यार्थियों की सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी संसाधन की मोहताज नहीं होती, बल्कि लगन और आत्मविश्वास से सफलता हासिल की जा सकती है। उन्होंने सम्मानित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए जीवन में बड़े सपने देखने, निरंतर मेहनत करने तथा माता-पिता और गुरुजनों का सम्मान बनाए रखने की सीख दी।

विधायक ने विद्यालय के शिक्षकों को शैक्षणिक सत्र 2025-26 में शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम हासिल करने पर बधाई दी। उन्होंने कहा कि शिक्षकों का परिश्रम, समर्पण और गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन ही विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव तैयार करता है। शिक्षक समाज के सच्चे शिल्पी हैं, जो आने वाली पीढ़ी का निर्माण करते हैं।

कार्यक्रम के अंत में विद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर.के. अग्रवाल ने मुख्य अतिथि, शाला विकास समिति, अभिभावकों, छात्र-छात्राओं एवं आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस अवसर पर टेकारी सरपंच चंद्रकांत वर्मा, अमरीका वर्मा, हनुमंत आडिल, खिलेंद्र वर्मा, शाला समिति के सदस्य, शिक्षकगण, अभिभावक, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest