CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

बसंतपुर बैराज का गेट बंद, उद्योग पतियों को दिया जा रहा महानदी का पानी

📡36garhnewsupdate.com

बैराज के नीचे बसे गांवों में निस्तारी का संकट, फल- सब्जी उत्पादक किसानों का कारोबार प्रभावित; 

सारंगढ़। 18 नवंबर 2026

36garhnewsupdate.com जिला सारंगढ़-बिलाईगढ़ के प्रमुख जलस्रोतों में शामिल बसंतपुर बैराज इन दिनों चर्चा का विषय बना हुआ है। आरोप है कि जल संसाधन विभाग द्वारा बसंतपुर बैराज के गेट बंद कर महानदी के पानी को रोककर जांजगीर-चांपा जिले के उद्योग पतियों को उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं दूसरी ओर बैराज के नीचे रहने वाले ग्रामीणों को निस्तारी के लिए पानी की समस्या से जूझना पड़ रहा है। इस स्थिति ने ग्रामीणों के साथ- साथ नदी के पानी पर निर्भर किसानों की चिंता बढ़ा दी है।

उद्योगों को पानी, ग्रामीणों के हिस्से में परेशानी!

ग्रामीणों का कहना है कि बसंतपुर बैराज के गेट बंद होने से महानदी का पानी नीचे की ओर पर्याप्त मात्रा में नहीं पहुंच पा रहा है। इसका सीधा असर सलिहा घाट एवं आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में देखने को मिल रहा है। नदी के पानी पर निर्भर ग्रामीणों के सामने निस्तारी का संकट खड़ा हो गया है। वहीं नदी किनारे खेती-किसानी और फल-सब्जियों का उत्पादन कर अपनी आजीविका चलाने वाले किसानों की आर्थिक स्थिति भी प्रभावित हो रही है।

किसानों की आजीविका पर संकट

बैराज के नीचे नदी के आसपास अनेक किसान फल एवं सब्जियों का उत्पादन कर अपने परिवार का भरण- पोषण करते हैं। इन किसानों की खेती काफी हद तक नदी में उपलब्ध पानी पर निर्भर रहती है। लेकिन पानी का प्रवाह प्रभावित होने से उनकी फसल उत्पादन पर संकट मंडराने लगा है। किसानों का कहना है कि यदि समय रहते नदी में पानी की उपलब्धता सुनिश्चित नहीं की गई तो उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो सकता है। जिला प्रशासन से हस्तक्षेप की मांग

ग्रामीणों ने की है। ग्रामीण का कहना है कि – शासन स्तर पर बैराजों के गेट बंद नहीं करने संबंधी स्पष्ट निर्देश होने की बात सामने आ रही है। ऐसे में बसंतपुर बैराज के गेट बंद रखे जाने और उद्योगों को पानी उपलब्ध कराने के मामले की जांच होनी चाहिए। जल संसाधन विभाग को यह भी स्पष्ट करना चाहिए कि – किस आदेश और किस परिस्थिति में बैराज के गेट बंद किए गए हैं तथा महानदी के पानी का उपयोग किस उद्देश्य से किया जा रहा है।

जिला कलेक्टर श्रीमती पद्मिनी भोई साहू से ग्रामीणों ने अपेक्षा जताई है कि वे इस मामले को गंभीरता से लेते हुए जल संसाधन विभाग के अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दें। साथ ही बसंत पुर बैराज से नदी के निचले हिस्से में पर्याप्त जल प्रवाह सुनिश्चित कराया जाए, ताकि – सलिहा घाट सहित आसपास के गांवों में निस्तारी की समस्या दूर हो सके और फल-सब्जी उत्पादक किसानों को राहत मिल सके। आखिरकार सवाल यह है कि महानदी के पानी पर सबसे पहले निर्भर रहने वाले स्थानीय ग्रामीणों व किसानों की जरूरतों को नजर अंदाज कर उद्योगों को पानी उपलब्ध कराने की व्यवस्था कितनी उचित है ? जल का उपयोग उद्योगों के लिए हो, लेकिन इसके कारण ग्रामीणों की निस्तारी, किसानों की आजीविका प्रभावित न हो, यह सुनिश्चित करना प्रशासन और जल संसाधन विभाग की जिम्मेदारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest