एसपी की समीक्षा बैठक, लंबित मामलों के निराकरण पर जोर
📡36garhnewsupdate.com

सारंगढ़, 18 नवंबर 2026।
36garhnewsupdate.com जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाने और लंबित मामलों का त्वरित निराकरण सुनिश्चित करने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक सुनील शर्मा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेन्द्र पटेल ने जिला पुलिस कार्यालय में जिले के सभी थाना और चौकी प्रभारियों की समीक्षा बैठक ली। बैठक में आपराधिक एवं मर्ग प्रकरणों के निराकरण, अवैध गतिविधियों पर कार्रवाई और पुलिस व्यवस्था को बेहतर बनाने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
बैठक के दौरान एसपी सुनील शर्मा ने सभी थाना प्रभारियों से वन-टू-वन चर्चा कर उनके थानों के कामकाज की जानकारी ली और लंबित मामलों की समीक्षा की। उन्होंने लंबे समय से लंबित आपराधिक प्रकरणों और मर्ग मामलों को प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निराकृत करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मामलों के निराकरण में देरी या तकनीकी कमियों के कारण आम नागरिकों को परेशानी नहीं होनी चाहिए।

एसपी ने जिले में अवैध शराब की बिक्री और परिवहन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई करने पर जोर दिया। इसके साथ ही जुआ, सट्टा और गांजा तस्करी पर प्रभावी अंकुश लगाने के निर्देश दिए। दूसरे राज्यों से गांजा तस्करी करने वालों पर विशेष निगरानी रखने और एनडीपीएस एक्ट के तहत ठोस कार्रवाई करने को भी कहा।
बैठक में सीसीटीएनएस पोर्टल पर दर्ज ऑनलाइन लंबित मामलों और प्रविष्टियों की भी समीक्षा की गई। एसपी ने सभी थाना प्रभारियों को निर्धारित समयसीमा में लंबित कार्य पूरे करने के निर्देश दिए। साथ ही पुलिस कार्यप्रणाली को पारदर्शी, तकनीकी रूप से मजबूत और नागरिक-केंद्रित बनाने पर जोर दिया।
नए आपराधिक कानूनों के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एसपी ने ग्रामीण क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुलिसकर्मी गांवों में जाकर आम नागरिकों को नए कानूनों के प्रावधानों और उनके लाभों की जानकारी दें, ताकि लोगों में कानूनी जागरूकता बढ़ सके।
बैठक के अंत में पुलिस अधीक्षक ने सभी थाना प्रभारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि शासकीय कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने उत्कृष्ट और संवेदनशील पुलिसिंग के माध्यम से जिले में भयमुक्त एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने पर जोर दिया।


