CHHATTISGARHnewsraipur

रायपुर में दोपहिया वाहन चोर गिरोह का भंडाफोड़, 7 बुलेट सहित 16 वाहन जब्त

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 18 नवंबर 2026।

36garhnewsupdate.com रायपुर कमिश्नरेट पुलिस ने शहर में सक्रिय दोपहिया वाहन चोर गिरोह का पर्दाफाश करते हुए चार आरोपियों और विधि से संघर्षरत तीन बालकों सहित कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से चोरी के 13 दोपहिया वाहन तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए तीन अन्य वाहन बरामद किए गए हैं। जब्त वाहनों की कुल कीमत करीब 18 लाख 50 हजार रुपये बताई गई है। बरामद वाहनों में सात बुलेट भी शामिल हैं।

पुलिस उपायुक्त (क्राइम एवं साइबर) स्मृतिक राजनाला की निगरानी में वाहन चोरी की घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की विशेष टीम गठित की गई थी। टीम सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण और मुखबिरों से मिली सूचनाओं के आधार पर चोरों की तलाश कर रही थी।

इसी दौरान 17 नवंबर को डी.डी. नगर थाना क्षेत्र में पेट्रोलिंग के दौरान पुलिस ने बिना पीछे की नंबर प्लेट वाली एक बुलेट को रोककर जांच की। चालक दीप छाबड़िया वाहन के वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने बुलेट चोरी की होना स्वीकार किया। उसने अपने साथी रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस, शुभम पटले और कृष्ण कुमार सिंह सहित अन्य साथियों के साथ मिलकर वाहन चोरी की वारदातों को अंजाम देना बताया।

पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर चोरी के 13 दोपहिया वाहन बरामद किए। इनमें सात बुलेट शामिल हैं। इसके अलावा वारदात में इस्तेमाल किए गए एथर, आई-क्यूब और बर्गमेन वाहन भी जब्त किए गए। चोरी के वाहनों की कीमत करीब 16 लाख 50 हजार रुपये तथा वारदात में इस्तेमाल वाहनों की कीमत करीब दो लाख रुपये आंकी गई है।

नंबर प्लेट हटाकर छिपाते थे वाहनों की पहचान

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह के सदस्य शहर के अलग-अलग इलाकों में घूमकर दोपहिया वाहनों की रेकी करते थे। इसके बाद वाहनों का लॉक तोड़कर चोरी करते थे। वारदात के दौरान एक सदस्य चोरी का वाहन चलाता था, जबकि अन्य सदस्य अपने दोपहिया वाहन से पीछे से पैर लगाकर धक्का देते हुए उसे ले जाते थे। पहचान छिपाने के लिए वाहनों की नंबर प्लेट निकाल दी जाती थी या बदल दी जाती थी। इसके अलावा पहचान संबंधी निशान मिटाने और पार्ट्स बदलने का भी प्रयास किया जाता था।

चोरी किए गए वाहनों के संबंध में डी.डी. नगर, कोतवाली, पुरानी बस्ती और टिकरापारा थानों में बीएनएस की धारा 303(2) और 305 के तहत अपराध दर्ज हैं। पुलिस ने संगठित गिरोह बनाकर वारदात करने के मामले में बीएनएस की धारा 112 और 3(5) भी जोड़ी है।

ये आरोपी हुए गिरफ्तार

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों में दीप छाबड़िया (21 वर्ष), रूद्राक्ष चंद्रवंशी उर्फ प्रिंस (18 वर्ष), शुभम पटले (22 वर्ष) और कृष्ण कुमार सिंह (21 वर्ष) शामिल हैं। इनके साथ विधि से संघर्षरत तीन बालकों को भी पकड़ा गया है।

पुलिस गिरोह से जुड़ी अन्य चोरी की घटनाओं और संभावित सदस्यों के संबंध में पूछताछ कर रही है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest