CHHATTISGARHnewsबिलाईगढ़

बिलाईगढ़ में कांग्रेस सेवादल की संगठन विस्तार बैठक संपन्न, 408 बूथों पर अध्यक्ष नियुक्त करने का लक्ष्य

📡36garhnewsupdate.com

सैकड़ों कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने की बनी रणनीति, आगामी नगर पंचायत उपचुनाव को लेकर भी कार्यकर्ताओं को सौंपी जिम्मेदारी

बिलाईगढ़ । 18 नवंबर 2026

कांग्रेस संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और आगामी चुनावों की तैयारियों को गति देने के उद्देश्य से बिलाईगढ़ में कांग्रेस सेवादल की ब्लॉक स्तरीय संगठन विस्तार बैठक आयोजित की गई। बैठक में सैकड़ों की संख्या में कांग्रेस सेवादल के पदाधिकारी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, युवा कांग्रेस, एनएसयूआई के कार्यकर्ता एवं विभिन्न मंडलों के पदाधिकारी शामिल हुए। बैठक में विधानसभा क्षेत्र के सभी 408 पोलिंग बूथों पर सेवादल के अध्यक्ष नियुक्त करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया।

कांग्रेस सेवादल के राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री बी.वी. श्रीनिवासन एवं छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस सेवादल अध्यक्ष अरुण ताम्रकर, अतिरिक्त प्रदेश अध्यक्ष संतोष पांडेय तथा महिला प्रदेश अध्यक्ष मंजूलता आनंद के निर्देशानुसार, जिला अध्यक्ष इंदूभूषण पड़वार के मार्गदर्शन में यह बैठक आयोजित की गई। इसमें ब्लॉक संगठन बिलाईगढ़ के मिशन बंजारे, ब्लॉक संगठन सरसीवां के रेशम अजय, शहर अध्यक्ष सरसीवां विक्रांत बंजारे एवं शहर अध्यक्ष पवनी मनोज साहू के नेतृत्व में संगठन विस्तार को लेकर चर्चा की गई।

वरिष्ठ कांग्रेस नेताओं की रही विशेष मौजूदगी

बैठक में मुख्य रूप से जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष ताराचंद देवांगन, प्रदेश सचिव छत्रसाल साहू, वरिष्ठ कांग्रेसी सुनील सिंघानिया, कांग्रेस सेवादल के अतिरिक्त जिला अध्यक्ष कमलेश कुर्रे, बिलाईगढ़ ब्लॉक अध्यक्ष लकेश्वर देवांगन, सोनाखान ब्लॉक अध्यक्ष युधिष्ठिर नायक, किसान कांग्रेस प्रदेश महामंत्री अप्पू नवरंग, वरिष्ठ अधिवक्ता जागेश्वर लहरे, कांग्रेस नेत्री लता जाटवर, अधिवक्ता संघ अध्यक्ष फिरत राम खटकर, वरिष्ठ कांग्रेसी नल पटेल एवं हरिहर साहू उपस्थित रहे।

इसके अलावा पार्षद सुनील यादव, मंडल अध्यक्ष यशवंत साहू, भगवानु जायसवाल, अरविंद मनहर, युवा नेता राकेश मानिकपुरी, राम पंकज, कांग्रेस सेवादल जिला महामंत्री युगल किशोर, जिला सचिव दयाल कोसले, भोला यादव, अशोक निराला, सुनील साहू, पुरुषोत्तम साहू, लक्ष्मीनारायण साहू, लखन केवट, ओमप्रकाश विश्वकर्मा, ब्लॉक सचिव सालिक साहू, कृष्णा साहू, पार्षद प्रतिनिधि रामा हिरवानी, सनित कुर्रे, ब्लॉक उपाध्यक्ष मनोज टंडन, अमृत साहू, खोल्टू चौहान सहित नगर पंचायत पवनी के पार्षद रामगोपाल साहू, जगदीश साहू, सम्मे साहू, महेंद्र साहू, मनोज साहू, गुड्डा एवं पीलू समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

408 बूथों पर सेवादल अध्यक्ष बनाने का लक्ष्य

बैठक को संबोधित करते हुए जिला अध्यक्ष इंदूभूषण पड़वार ने विधानसभा क्षेत्र के सभी कांग्रेस कार्यकर्ताओं से 408 पोलिंग बूथों के लिए अध्यक्षों के नाम प्रस्तावित करने की अपील की। उन्होंने बताया कि संगठन विस्तार के तहत अब तक चार ब्लॉक स्तरीय बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। पहली बैठक नगर पंचायत पवनी, दूसरी पेंड्रावन, तीसरी नगर पंचायत भटगांव और चौथी बैठक बिलाईगढ़ ब्लॉक मुख्यालय में आयोजित की गई।

उन्होंने बताया कि विधानसभा क्षेत्र के कुल 408 पोलिंग बूथों में से अब तक 240 बूथों पर सेवादल अध्यक्ष के रूप में कार्यकर्ताओं का चयन किया जा चुका है। शेष 140 बूथ बलौदाबाजार जिले के अंतर्गत आने वाले सोनाखान ब्लॉक क्षेत्र में हैं, जहां आगामी दिनों में बैठक आयोजित कर बूथ अध्यक्षों का चयन किया जाएगा। उनका कहना था कि विधानसभा के प्रत्येक बूथ पर कांग्रेस सेवादल का एक अध्यक्ष नियुक्त करना उनका प्रमुख लक्ष्य है, ताकि पार्टी की संगठनात्मक गतिविधियों को गांव-गांव और घर-घर तक पहुंचाया जा सके।

नगर पंचायत उपचुनाव को लेकर कार्यकर्ताओं को जिम्मेदारी

बैठक में बिलाईगढ़ नगर पंचायत में प्रस्तावित उपचुनाव को लेकर भी विशेष चर्चा हुई। जिला अध्यक्ष ने बताया कि संगठन विस्तार बैठक की तैयारियों के साथ ही नगर में कांग्रेस का प्रचार अभियान शुरू करने के उद्देश्य से पिछले दिन रात से ही कांग्रेस के झंडे लगाए गए हैं।

उन्होंने सेवादल के कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर पर घर-घर पहुंचकर जनसंपर्क करने और नगर पंचायत अध्यक्ष पद के कांग्रेस प्रत्याशी सहित पार्षद प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से विजयी बनाने के लिए एकजुट होकर कार्य करने की अपील की।

सहकारिता बैंक शुरू नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी

बैठक में उपस्थित मुख्य अतिथि जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष ताराचंद देवांगन ने क्षेत्रीय मुद्दों को उठाते हुए कहा कि कांग्रेस शासनकाल में नगर पंचायत पवनी और बिलाईगढ़ क्षेत्र के लिए सहकारिता बैंक की स्वीकृति दी गई थी, लेकिन भाजपा सरकार के तीन वर्ष पूर्ण होने के बाद भी इन बैंकों का संचालन शुरू नहीं हो पाया है। इससे क्षेत्र के किसानों में नाराजगी व्याप्त है।

उन्होंने इस मुद्दे पर सरकार का ध्यान आकर्षित करते हुए आवश्यकता पड़ने पर उग्र आंदोलन करने की बात कही। साथ ही दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कांग्रेस सेवादल के माध्यम से बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं की मजबूत टीम तैयार करने का संकल्प दोहराया।

आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा तैयार

बैठक के अंत में संगठन विस्तार, बूथ स्तर पर जिम्मेदारियों के निर्धारण, जनसंपर्क अभियान और आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने संगठन को मजबूत बनाने और पार्टी की गतिविधियों को जमीनी स्तर तक पहुंचाने के लिए सामूहिक रूप से कार्य करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest