CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

भव्य भूमि पूजन के साथ 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का शंखनाद, राष्ट्र निर्माण के संकल्प से गूंजा सारंगढ़

📡36garhnewsupdate.com

सारंगढ़, 18 नवंबर 2026।

36garhnewsupdate.com आध्यात्मिक चेतना, सामाजिक जागरण एवं राष्ट्र निर्माण के पावन उद्देश्य से आगामी 4 से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले 108 कुंडीय गायत्री महायज्ञ का भव्य भूमि पूजन समारोह 16 नवंबर को श्रद्धा, भक्ति और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ संपन्न हुआ।

समारोह में रायगढ़ लोकसभा क्षेत्र के सांसद राधेश्याम राठिया, सारंगढ़ विधायक उत्तरी गणपत जांगड़े, कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे गायत्री परिवार रायपुर जोन प्रभारी आदर्श वर्मा, जिला कलेक्टर पद्मिनी भोई साहू, पुलिस अधीक्षक एवं एसडीएम की गरिमामयी उपस्थिति रही।

विशिष्ट अतिथियों में जिला पंचायत अध्यक्ष संजय भूषण पाण्डेय, पूर्व विधायक कामता जोल्हे, पूर्व विधायक जवाहर नायक एवं केराबाई मनहर सहित अन्य जनप्रतिनिधि शामिल हुए।

भूमि पूजन समारोह में पांच कुंडीय यज्ञ का विधिवत आयोजन किया गया। इसका संचालन जिला समन्वयक गोरा साहू की टीम ने किया। गीत-संगीत की सुमधुर प्रस्तुतियों ने पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम का मंच संचालन महेंद्र अग्रवाल ने किया।

इस अवसर पर मंचासीन जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं जिलेभर से पहुंचे गायत्री परिवार के परिजनों ने महायज्ञ को ऐतिहासिक और सफल बनाने के लिए तन-मन-धन से सहयोग करने का सामूहिक संकल्प लिया। उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने भी आयोजन में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

गायत्री परिवार के परिजनों ने गांव-गांव और जन-जन तक महायज्ञ का संदेश पहुंचाने के साथ अन्नघट, अर्थदान, सामग्री दान एवं श्रमदान के माध्यम से व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने का प्रण लिया।

आयोजकों ने बताया कि यह महायज्ञ केवल धार्मिक अनुष्ठान नहीं, बल्कि व्यक्ति निर्माण, परिवार निर्माण, समाज निर्माण और राष्ट्र निर्माण का महाअभियान है। भूमि पूजन के साथ ही जिले में आध्यात्मिक जागरण और सामाजिक परिवर्तन की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल का शंखनाद हो चुका है।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest