कार्यशालाओं से युवाओं की क्षमता और कौशल का होता है विकास : प्रो. मनोज दयाल
📡36garhnewsupdate.com


राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर कुशाभाऊ ठाकरे विश्वविद्यालय में प्रदर्शनी के साथ फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी कार्यशाला आयोजित
रायपुर, 18 नवंबर 2026।
36garhnewsupdate.com राष्ट्रीय प्रेस दिवस के उपलक्ष्य में कुशाभाऊ ठाकरे पत्रकारिता एवं जनसंचार विश्वविद्यालय के जनसंचार विभाग और काजल फिल्म्स एंड रेंटल सर्विस के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को प्रदर्शनी एवं फोटोग्राफी-वीडियोग्राफी कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला के उद्घाटन सत्र में विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. (डॉ.) मनोज दयाल ने कहा कि कार्यशालाओं के माध्यम से युवाओं की क्षमता और कौशल का विकास होता है। ऐसे आयोजन विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान और नई तकनीकों से परिचित कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
प्रो. मनोज दयाल ने कहा कि समय के साथ समाचार पत्रों सहित पूरी मीडिया इंडस्ट्री में व्यापक बदलाव आया है। वर्तमान दौर में अखबारों को भी कड़ी प्रतिस्पर्धा का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने कार्टून की महत्ता बताते हुए कहा कि एक कार्टून बहुत कम समय में बड़ी और गहरी बात प्रभावी ढंग से व्यक्त कर सकता है। बड़े-बड़े लेख जिस संदेश को समझाने में समय लेते हैं, वही बात एक छोटा-सा कार्टून सहजता से कह देता है। उन्होंने कहा कि कार्टून हमारे जीवन से गहराई से जुड़े हैं। घरों में बच्चे दीवारों पर कार्टून बनाकर अपनी मौलिकता और रचनात्मकता व्यक्त करते हैं।

कार्यशाला में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ कार्टूनिस्ट सागर बिसेन ने कहा कि जो विद्यार्थी पूरी इच्छाशक्ति और लगन के साथ किसी करियर को अपनाते हैं, उन्हें अपने लक्ष्य तक पहुंचने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि तकनीक के कारण आज दुनिया बहुत छोटी हो गई है। युवाओं को अपने अवसरों का दायरा बढ़ाते हुए दुनिया भर में संभावनाएं तलाशनी चाहिए। अमेरिका जैसे देशों में कार्टून और ग्राफिक्स के क्षेत्र में ज्ञान का बड़ा भंडार विकसित किया गया है। उन्होंने विद्यार्थियों से कला को अपने जीवन का अभिन्न हिस्सा बनाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर काजल फिल्म्स एंड रेंटल सर्विस के अनूप चंद्राकर ने कहा कि व्यावहारिक प्रशिक्षण के माध्यम से युवाओं को फोटोग्राफी और वीडियोग्राफी की बारीकियों से अवगत कराया जाएगा। इससे विद्यार्थियों को इस क्षेत्र की तकनीकी जानकारी और काम करने के तरीकों को समझने का अवसर मिलेगा।

जनसंचार विभाग के विभागाध्यक्ष राजेंद्र मोहंती ने स्वागत भाषण देते हुए कहा कि यह कार्यशाला विद्यार्थियों के कौशल विकास के उद्देश्य से आयोजित की गई है। उन्होंने बताया कि कार्यशाला में विभिन्न तकनीकी क्षमताओं और विशेषताओं वाले कैमरों की प्रदर्शनी भी लगाई गई है, जो विद्यार्थियों के लिए नया और उपयोगी अनुभव साबित होगी।
कार्यक्रम में डॉ. शैलेन्द्र खंडेलवाल, पंकज नयन पांडे, डॉ. नृपेन्द्र शर्मा, डॉ. आशुतोष मंडावी, सभी अतिथि व्याख्याता एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन डॉ. चैताली पांडे ने किया तथा आभार प्रदर्शन जनसंचार विभाग के प्राध्यापक डॉ. कपिल देव प्रजापति ने किया।



