CHHATTISGARHnewsSARANGARH-BILAIGARH

नशामुक्त युवा ही विकसित भारत की मजबूत नींव : सतीश यादव

📡36garhnewsupdate.com

 

विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के तहत जिला स्तरीय यूथ पार्लियामेंट एवं भाषण प्रतियोगिता आयोजित

सारंगढ़। 18 नवंबर 2026

36garhnewsupdate.com युवाओं को नशे के दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मेरा युवा भारत, सारंगढ़-बिलाईगढ़ (छत्तीसगढ़) द्वारा विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के अंतर्गत जिला स्तरीय यूथ पार्लियामेंट एवं तीन मिनट की भाषण प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय लोचन प्रसाद पाण्डेय महाविद्यालय, सारंगढ़ में किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में सतीश यादव शामिल हुए।

कार्यक्रम के अंतर्गत “नशामुक्त युवा – विकसित भारत” विषय पर आयोजित जिला स्तरीय भाषण प्रतियोगिता में सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले के तीनों विकासखंडों से बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में प्रतिभागियों ने निर्धारित तीन मिनट की अवधि में नशे के दुष्परिणामों, युवाओं के भविष्य पर इसके प्रभाव, परिवार एवं समाज में नशे से उत्पन्न होने वाली समस्याओं तथा नशामुक्त भारत के निर्माण में युवाओं की भूमिका पर अपने विचार प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किए।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि सतीश यादव ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति और भविष्य की आधारशिला होते हैं। युवाओं को नशे जैसी बुराइयों से दूर रहकर शिक्षा, खेल, कौशल विकास एवं सकारात्मक गतिविधियों में अपनी ऊर्जा लगानी चाहिए। नशा न केवल व्यक्ति के स्वास्थ्य को नुकसान पहुंचाता है, बल्कि परिवार की खुशहाली, सामाजिक व्यवस्था और देश की प्रगति में भी बाधक बनता है। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्परिणामों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।

प्रतियोगिता में प्रतिभागियों के विचारों, प्रस्तुतीकरण, वक्तृत्व कला एवं विषय की समझ के आधार पर निर्णायक मंडल द्वारा परिणाम घोषित किए गए। इसमें प्रथम स्थान सुश्री अन्नपूर्णा ताडिया, श्रीराम महिला महाविद्यालय, सारंगढ़ ने प्राप्त किया। द्वितीय स्थान पर व्यासनारायण महिलांगे, शासकीय महाविद्यालय, बिलाईगढ़ तथा तृतीय स्थान पर पुष्पेंद्र चंद्रा, भटगांव रहे। विजेता प्रतिभागियों ने अपने प्रभावशाली वक्तृत्व एवं विषय की सारगर्भित प्रस्तुति से निर्णायक मंडल को प्रभावित किया। प्रतियोगिता में शामिल सभी प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र एवं मेडल प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम के दौरान विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग के सेल्फी पॉइंट पर भी युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। विद्यार्थियों ने बढ़-चढ़कर सेल्फी लेकर इस आयोजन को यादगार बनाया।

इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य युवाओं में नशामुक्त जीवनशैली के प्रति जागरूकता विकसित करना, विद्यार्थियों को सामाजिक सरोकारों से जोड़ना तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करना रहा। मेरा युवा भारत, सारंगढ़-बिलाईगढ़ द्वारा ऐसे आयोजनों के माध्यम से युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों, सामाजिक जागरूकता एवं राष्ट्र निर्माण के कार्यों से जोड़ने का निरंतर प्रयास किया जा रहा है।

कार्यक्रम के माध्यम से यह संदेश दिया गया कि नशामुक्त युवा ही सशक्त समाज और विकसित भारत की मजबूत नींव हैं। युवाओं को नशे से दूर रहकर स्वस्थ, शिक्षित, जागरूक एवं जिम्मेदार नागरिक बनने का संकल्प लेना चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest