CHHATTISGARHnewsraipur

नन्हीं काव्या के इलाज के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की पहल, परिवार को मिली एक लाख की सहायता

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 19 नवंबर 2026।

36garhnewsupdate.com ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रही महज तीन साल की मासूम काव्या पटेल के बेहतर इलाज के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने संवेदनशील पहल की है। मुख्यमंत्री ने एम्स रायपुर के चिकित्सकों को बच्ची का बेहतर से बेहतर उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही काव्या के परिवार को हरसंभव मदद उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन को भी निर्देशित किया है।

मुख्यमंत्री के निर्देश पर कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने जिला रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से काव्या के पिता को एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई है। इस सहायता से बच्ची के इलाज में आर्थिक परेशानी का सामना कर रहे परिवार को राहत मिलेगी।

जानकारी के अनुसार, रायगढ़ जिले की निवासी तीन वर्षीय काव्या पटेल एक्यूट माइलॉइड ल्यूकेमिया यानी ब्लड कैंसर से पीड़ित है। उसे 15 नवंबर को एम्स रायपुर में भर्ती कराया गया था। फिलहाल बच्ची की हालत गंभीर बनी हुई है और उसे पीडियाट्रिक इंटेंसिव केयर यूनिट (पीआईसीयू) में वेंटिलेटर सपोर्ट पर रखा गया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में उसका इलाज जारी है।

वहीं, स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने 18 नवंबर को एम्स के चिकित्सकों से चर्चा कर काव्या के स्वास्थ्य और उपचार की जानकारी ली। उन्होंने बच्ची को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और उसकी लगातार निगरानी करने के निर्देश दिए।

काव्या की देखभाल में किसी तरह की कमी न रहे, इसके लिए स्वास्थ्य विभाग ने भी विशेष व्यवस्था की है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी के अनुसार, बच्ची की देखभाल के लिए पैरामेडिकल स्टाफ की 24 घंटे विशेष ड्यूटी लगाई गई है। एम्स के चिकित्सकों के साथ समन्वय बनाकर उसके उपचार में सहयोग किया जा रहा है।

मुख्यमंत्री और स्वास्थ्य मंत्री ने बच्ची के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की है। शासन और जिला प्रशासन की ओर से परिवार को हरसंभव सहायता देने का भरोसा भी दिलाया गया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest