CHHATTISGARHnewsraipur

मां की हत्या कर सामान्य मौत बताने वाला बेटा गिरफ्तार, तीन साल बाद खुला राज

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 19 नवंबर 2026।

36garhnewsupdate.com राजधानी रायपुर के खमतराई थाना क्षेत्र में मां की हत्या कर उसे सामान्य मृत्यु बताकर छिपाने के मामले में पुलिस ने आरोपी बेटे को गिरफ्तार किया है। पारिवारिक विवाद के चलते आरोपी ने अपनी मां की हत्या की थी और घटना के बाद साक्ष्य मिटाकर हत्या को सामान्य मौत दिखाने की कोशिश की थी। पुलिस ने मर्ग जांच, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों एवं गवाहों से मिली जानकारी के आधार पर मामले का खुलासा किया है।

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, थाना खमतराई में वर्ष 2023 में मर्ग क्रमांक 72/2023 दर्ज किया गया था। जांच के दौरान मृतिका श्यामा गोस्वामी के सिर पर चोट और गले में रस्सी के निशान मिलने से मामला संदिग्ध लगा। इसके बाद पुलिस ने पोस्टमार्टम रिपोर्ट का अवलोकन किया और परिजनों तथा गवाहों से पूछताछ कर मामले की दोबारा जांच शुरू की।

जांच में सामने आया कि मृतिका का अपने बेटे संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी के साथ पारिवारिक विवाद चल रहा था। आरोपी अपनी पत्नी और बच्चों को घर लाना चाहता था। इसी बात को लेकर 5 जुलाई 2023 को उसका अपनी मां से विवाद हुआ। विवाद के दौरान आरोपी ने अपनी मां को दीवार में धक्का दे दिया, जिससे उनके सिर में चोट लग गई। इसके बाद गुस्से में आकर उसने पास रखे सिलबट्टे के लोहे से उनके सिर के पीछे वार कर दिया। फिर मच्छरदानी की रस्सी से गला घोंटकर उनकी हत्या कर दी।

हत्या के बाद आरोपी ने घटना छिपाने के लिए मृतिका के सिर पर गमछा बांध दिया और माथे तथा सिर पर गुलाल लगा दिया। इतना ही नहीं, उसने अपनी मां की मृत्यु की वास्तविक वजह बहनों और पुलिस को भी नहीं बताई और आसपास के लोगों को सामान्य मृत्यु की जानकारी देकर मामले को छिपाने का प्रयास किया।

इस मामले में मृतिका की बेटी संगीता गोस्वामी ने अपनी मां की मृत्यु पर संदेह जताते हुए शिकायत की थी। इसके बाद पुलिस ने पुराने मर्ग की जांच से जुड़े तथ्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और गवाहों के बयानों का दोबारा बारीकी से परीक्षण किया। जांच में बेटे की संलिप्तता सामने आने के बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की, जहां आरोपी ने अपनी मां की हत्या करना स्वीकार किया।

पुलिस ने आरोपी संजू उर्फ संदीप गिरि गोस्वामी, पिता स्वर्गीय अंबिकेश्वर पुरी गोस्वामी, उम्र 44 वर्ष, निवासी धनलक्ष्मी नगर, भनपुरी, थाना खमतराई, रायपुर को गिरफ्तार कर लिया है। उसके खिलाफ अपराध क्रमांक 1240/2026 के तहत भारतीय दंड विधान की धारा 302 और 201 में मामला दर्ज किया गया है।

इस पूरी कार्रवाई में थाना खमतराई पुलिस और एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest