CHHATTISGARHnewsRaigarh

छात्राओं के सामने अशोभनीय वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डालना पड़ा भारी, पुलिस ने युवक को दी सख्त समझाइश

📡36garhnewsupdate.com

रायगढ़, 8 सितंबर 2026

धरमजयगढ़ क्षेत्र में स्कूल से घर लौट रही छात्राओं के सामने अशोभनीय गाना गाते हुए वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर पोस्ट करना एक युवक को भारी पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो प्रसारित होने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मामले को संज्ञान में लेते हुए युवक को तलब कर पूछताछ की।

पुलिस के अनुसार, इंस्टाग्राम आईडी के आधार पर वीडियो बनाने वाले जयदेव मंडल (25), पिता समरेत मंडल, निवासी धरमजयगढ़ कॉलोनी को पुलिस ने बुलाया। पूछताछ के दौरान युवक ने अपने मोबाइल से उक्त वीडियो बनाए जाने की बात स्वीकार की।

मामले में एसडीओपी धरमजयगढ़ सिद्धांत तिवारी ने युवक को सोशल मीडिया के जिम्मेदाराना उपयोग को लेकर कड़ी समझाइश दी। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर महिलाओं एवं छात्राओं को असहज करने वाले अशोभनीय कृत्यों का वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर प्रसारित करना उचित नहीं है।

पुलिस की समझाइश के बाद युवक ने अपने कृत्य के लिए माफी मांगी और भविष्य में इस प्रकार की घटना दोबारा नहीं करने की बात कही।

एसडीओपी ने कहा कि सोशल मीडिया का उपयोग सकारात्मक, जिम्मेदार और कानून के दायरे में रहकर किया जाना चाहिए। किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचाने वाली, अश्लील अथवा कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली सामग्री सोशल मीडिया पर पोस्ट करने से बचना चाहिए।

रायगढ़ पुलिस की सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल द्वारा विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जा रही है। पुलिस के मुताबिक, सोशल मीडिया पर भड़काऊ, अशोभनीय या कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाली गतिविधियां सामने आने पर संबंधित व्यक्तियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest