रायपुर नगर निगम ने सड़कों से आवारा मवेशियों की धरपकड़ के लिए चलाया अभियान
📡36garhnewsupdate.com


मवेशी मालिकों से अपील—मवेशियों को बांधकर रखें, सड़कों पर खुले में छोड़ने पर होगी जुर्माना कार्रवाई
रायपुर, 27/08/2026
माननीय उच्च न्यायालय के आदेश के पालन में तथा छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग के दिशा-निर्देश और रायपुर जिला प्रशासन के मार्गदर्शन में रायपुर नगर पालिक निगम क्षेत्र में आवारा मवेशियों की धरपकड़ का अभियान लगातार जारी है।
नगर निगम के सभी 10 जोनों के माध्यम से काउकेचर टीम एवं विशेष टीम के श्रमवीरों की सहायता से शहर के विभिन्न सड़क मार्गों से आवारा मवेशियों को पकड़ने की कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में गुरुवार को कचना, सत्यम नगर हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी, मार्बल मार्केट सर्विस रोड, तेलीबांधा मुख्य मार्ग सहित अन्य क्षेत्रों में अभियान चलाकर सड़कों पर खुले में घूम रहे मवेशियों की धरपकड़ की गई।

नगर निगम के अनुसार आवारा मवेशियों की धरपकड़ का अभियान आगे भी नियमित रूप से सतत जारी रहेगा।
रायपुर नगर पालिक निगम ने शहर के सभी मवेशी मालिकों से पुनः अपील की है कि वे अपने मवेशियों को सुरक्षित रूप से बांधकर रखें और उन्हें सड़कों पर खुले में न छोड़ें। सड़कों पर मवेशियों के खुले में घूमने से यातायात बाधित होने के साथ ही सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है।
नगर निगम ने स्पष्ट किया है कि मवेशियों को सड़कों पर खुले में छोड़ने वाले पशु मालिकों के विरुद्ध नियमानुसार जुर्माने की कार्रवाई की जाएगी। ऐसी स्थिति में संबंधित मवेशी मालिक अपने मवेशियों को खुले में छोड़ने से उत्पन्न परिस्थितियों के लिए स्वयं जिम्मेदार होंगे।



