17 से 23 अगस्त तक चलेगा सघन खाद्य सुरक्षा अभियान, मिलावट पर होगी सख्त कार्रवाई
📡36garhnewsupdate.com
रायपुर, 17 अगस्त 2026
आगामी त्योहारी सीजन को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने छत्तीसगढ़ में ‘बने खाओ-बने रहिबो 2.0’ अभियान शुरू किया है। सात दिवसीय यह विशेष खाद्य सुरक्षा प्रवर्तन एवं जन-जागरूकता अभियान 17 से 23 अगस्त 2026 तक संचालित किया जाएगा।
अभियान के तहत खाद्य एवं औषधि प्रशासन की टीमें जिलेभर में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण करेंगी। इस दौरान खाद्य पदार्थों में मिलावट, मिथ्याछाप, भ्रामक प्रस्तुतीकरण, असुरक्षित खाद्य सामग्री तथा प्रतिबंधित एलानों/उत्पादों के उपयोग, निर्माण, वितरण और विक्रय की जांच की जाएगी।
निरीक्षण के दौरान नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित प्रतिष्ठानों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग का मुख्य उद्देश्य मिलावटी एवं असुरक्षित खाद्य पदार्थों की रोकथाम के साथ नागरिकों को सुरक्षित एवं पौष्टिक खाद्य सामग्री के प्रति जागरूक करना है।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने नागरिकों से भी खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर सतर्क रहने तथा संदिग्ध खाद्य सामग्री के संबंध में संबंधित विभाग को जानकारी देने की अपील की है।
विभाग के अनुसार अभियान के तहत की जाने वाली कार्रवाई नियंत्रक, खाद्य एवं औषधि प्रशासन दीपक कुमार अग्रवाल के निर्देशानुसार की जाएगी।



