महिला की दुष्कर्म के बाद हत्या का सनसनीखेज खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
📡36garhnewsupdate.com
रायपुर | 17 अगस्त 2026
रायपुर के मुजगहन थाना क्षेत्र में महिला की हत्या और एक अन्य महिला से मारपीट की घटनाओं का पुलिस ने सनसनीखेज खुलासा किया है। पुलिस ने मामले में देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला (29), निवासी सेजबहार, को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपी अकेली महिलाओं को निशाना बनाता था और साइकिल से उनका पीछा करता था। आरोपी ने एक महिला के साथ दुष्कर्म करने के बाद उसकी हत्या कर दी थी।
यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त अमित तुकाराम कांबले के मार्गदर्शन तथा डीसीपी क्राइम एवं साइबर स्मृतिक राजनाला और डीसीपी पश्चिम जोन रॉबिन्सन गुडिया की मॉनिटरिंग में एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट एवं थाना मुजगहन पुलिस की संयुक्त टीम ने की।
21 जुलाई को पानी से भरे प्लॉट में मिला था महिला का शव
21 जुलाई 2026 को न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी में महिला का शव मिलने की सूचना पुलिस को मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस, एफएसएल और डॉग स्क्वाड की टीम ने घटनास्थल की जांच की। महिला की बाईं आंख के ऊपर चोट तथा शरीर पर खरोंच के निशान मिले।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट में चोट एवं खरोंच के साथ पानी में डूबने से श्वास अवरुद्ध होना मृत्यु का कारण बताया गया। इसके बाद थाना मुजगहन में हत्या का मामला दर्ज कर अज्ञात आरोपी की तलाश शुरू की गई।
दूसरी महिला को भी बनाया था निशाना
इसी दौरान 5 अगस्त की रात सेजबहार में एक महिला घर जा रही थी। आरोप है कि साइकिल से पीछा कर रहे अज्ञात युवक ने उसे पीछे से पकड़ लिया, अश्लील गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी दी तथा नाली में धक्का देकर उसके साथ मारपीट की। महिला के शोर मचाने पर आरोपी मौके से फरार हो गया।
दोनों घटनाओं को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने 08 से अधिक विशेष टीमों का गठन किया। टीमों ने घटनास्थलों और आसपास के संभावित मार्गों पर लगे सैकड़ों सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले। संदिग्धों की गतिविधियों, पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और हाल ही में जेल से रिहा हुए आरोपियों की भी जांच की गई।

सीसीटीवी और तकनीकी साक्ष्यों से आरोपी तक पहुंची पुलिस
लगातार जांच और तकनीकी विश्लेषण के दौरान पुलिस को आरोपी के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले। इसके बाद सेजबहार निवासी देवेन्द्र कुमार साहू को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पुलिस के मुताबिक पूछताछ में आरोपी ने दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।
पुलिस के अनुसार 21 जुलाई की घटना में आरोपी ने महिला को अकेले जाते देखा और साइकिल से उसका पीछा किया। बाद में उसे पकड़कर झूमाझटकी की और घटनास्थल के पास पानी में ले गया। आरोप है कि आरोपी ने महिला के साथ दुष्कर्म किया और इसके बाद उसका गला दबाने तथा मुंह-नाक पानी में डुबोने से उसकी मौत हो गई। आरोपी मृतिका का मोबाइल अपने साथ लेकर मौके से फरार हो गया।
आरोपी पहले भी जा चुका है जेल
पुलिस के मुताबिक आरोपी का आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। थाना मुजगहन के वर्ष 2017 के एक मामले में उस पर दुष्कर्म सहित गंभीर धाराओं के तहत अपराध दर्ज था और न्यायालय द्वारा उसे 10 वर्ष के कारावास की सजा सुनाई गई थी। इसके अलावा थाना टिकरापारा में भी उसके विरुद्ध मामला दर्ज होना बताया गया है।
आरोपी से बरामद सामग्री
– मृतिका का मोबाइल फोन
– घटना में प्रयुक्त साइकिल
– घटना के दौरान आरोपी द्वारा पहने गए कपड़े
गिरफ्तार आरोपी: देवेन्द्र कुमार साहू उर्फ राकेश उर्फ मंछला, पिता तुकाराम साहू, उम्र 29 वर्ष, निवासी सेजबहार आमहापारा, थाना मुजगहन, जिला रायपुर।

पुलिस की इस कार्रवाई में सैकड़ों सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी विश्लेषण, मुखबिर तंत्र और लगातार फील्ड जांच की अहम भूमिका रही।



