CHHATTISGARHnewsदुर्ग

दुर्ग में गरिमा और उत्साह के साथ मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस

📡36garhnewsupdate.com

उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों का किया सम्मान

दुर्ग, 15 अगस्त 2026

दुर्ग जिले में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास और गरिमापूर्ण वातावरण में मनाया गया। जिला स्तरीय मुख्य समारोह का आयोजन प्रथम बटालियन ग्राउंड, भिलाई में किया गया। समारोह में उप मुख्यमंत्री अरुण साव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। उन्होंने ध्वजारोहण कर परेड की सलामी ली तथा मुख्यमंत्री विष्णु देव साय का प्रदेश की जनता के नाम संदेश का वाचन किया।

समारोह में उप मुख्यमंत्री ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीद जवानों के परिजनों को शॉल एवं श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान किए।

 

परेड का किया निरीक्षण, प्लाटून कमांडरों से लिया परिचय

ध्वजारोहण के बाद उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने कलेक्टर अभिजीत सिंह एवं वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल के साथ परेड का निरीक्षण किया। समारोह में परेड द्वारा हर्ष फायर किया गया और राष्ट्रपति की जय-जयकार के साथ वातावरण देशभक्ति से गूंज उठा।

 

उत्साह एवं उमंग के प्रतीक रंग-बिरंगे गुब्बारे आकाश में छोड़े गए। मुख्य अतिथि ने परेड की सलामी लेने के साथ विभिन्न प्लाटून के कमांडरों से परिचय प्राप्त किया।

परेड में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल, जिला पुलिस बल के पुरुष एवं महिला दल, जिला पुलिस बल की तीन प्लाटून, नगर सेना, एनसीसी सीनियर एवं जूनियर वर्ग के बालक-बालिका दल तथा रेडक्रॉस शामिल हुए।

 

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने बांधा समां

समारोह में शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा, सेजेस खम्हरिया, डीपीएस रिसाली, श्री शंकरा विद्यालय भिलाई एवं विज्ञान विकास केन्द्र दुर्ग के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति एवं पारंपरिक गीतों पर सामूहिक नृत्य की आकर्षक प्रस्तुतियां दीं।

सांस्कृतिक प्रस्तुति में विज्ञान विकास केन्द्र दुर्ग ने प्रथम, डीपीएस रिसाली ने द्वितीय तथा सेजेस खम्हरिया ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मरोदा को सांत्वना पुरस्कार दिया गया। मास पीटी प्रदर्शन के लिए श्री शंकरा विद्यालय भिलाई को सम्मानित किया गया।

मार्चपास्ट और परेड में उत्कृष्ट प्रदर्शन

मार्चपास्ट में एनसीसी सीनियर बालक दल ने प्रथम, एनसीसी सीनियर बालिका दल ने द्वितीय तथा रेडक्रॉस ने तृतीय स्थान हासिल किया।

परेड प्रदर्शन में छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल पुरुष दल प्रथम, सीमा सुरक्षा बल द्वितीय तथा छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल महिला दल तृतीय स्थान पर रहा।

जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे मौजूद

कार्यक्रम में दुर्ग ग्रामीण विधायक ललित चन्द्राकर, संभागायुक्त सत्यनारायण राठौर, महापौर अलका बाघमार, अपर कलेक्टर योगिता बंजारे, अपर कलेक्टर वीरेन्द्र सिंह, अपर कलेक्टर हरवंश सिंह मिरी, नगर निगम दुर्ग के प्रभारी आयुक्त मोहेन्द्र साहू और रिसाली नगर निगम आयुक्त मोनिका वर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी-कर्मचारी, शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

समारोह में देशभक्ति, अनुशासन और राष्ट्रीय गौरव की भावना का उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest