साइबर अपराध के खिलाफ छत्तीसगढ़ पुलिस का “साइबर जागृति अभियान” शुरू
📡36garhnewsupdate.com


15 अगस्त से 2 अक्टूबर तक चलेगा अभियान, जनभागीदारी से साइबर अपराध के प्रति जागरूकता बढ़ाने पर जोर
रायपुर, 14 अगस्त 2026
साइबर अपराधों से आमजन को जागरूक एवं सुरक्षित करने के उद्देश्य से छत्तीसगढ़ पुलिस द्वारा “साइबर जागृति अभियान” शुरू किया जा रहा है। यह अभियान 15 अगस्त से 2 अक्टूबर 2026 तक प्रदेशभर में चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य जनभागीदारी के माध्यम से साइबर अपराधों के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को ऑनलाइन ठगी एवं अन्य साइबर अपराधों से बचाव के लिए सतर्क करना है।

इसी कड़ी में रायपुर पुलिस (ग्रामीण) द्वारा “साइबर जागृति अभियान” का विधिवत शुभारंभ किया गया। अभियान के दौरान आम नागरिकों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों, उनसे बचाव के उपायों तथा डिजिटल लेन-देन के दौरान बरती जाने वाली सावधानियों के संबंध में जागरूक किया जाएगा ।पुलिस का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों तक साइबर सुरक्षा से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारी पहुंचाना है, ताकि नागरिक किसी भी संदिग्ध ऑनलाइन गतिविधि, लिंक, कॉल या संदेश के प्रति सतर्क रहें और साइबर ठगी का शिकार होने से बच सकें।
छत्तीसगढ़ पुलिस ने अभियान के माध्यम से “साइबर मुक्त छत्तीसगढ़” के संकल्प को साकार करने के लिए आम नागरिकों से सक्रिय भागीदारी की अपील की है। पुलिस का कहना है कि साइबर अपराध की रोकथाम में जागरूकता और जनभागीदारी सबसे महत्वपूर्ण सुरक्षा उपायों में से एक है।



