CHHATTISGARHnewsraipur

कलेक्टर ने फॉलोअप टीएल बैठक में योजनाओं और लंबित प्रकरणों की समीक्षा की

📡36garhnewsupdate.com

स्वतंत्रता दिवस पर सभी जिला कार्यालयों में ध्वजारोहण सुनिश्चित करने के निर्देश

रायपुर, 14 अगस्त 2026

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने शुक्रवार को फॉलोअप टीएल बैठक में विभिन्न विभागों की योजनाओं, लंबित प्रकरणों और जनहित से जुड़े कार्यों की समीक्षा की। बैठक की शुरुआत में उन्होंने अधिकारियों-कर्मचारियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने निर्देशित किया कि 15 अगस्त को सभी जिला कार्यालयों में अनिवार्य रूप से ध्वजारोहण किया जाए और इसमें अधिकारी-कर्मचारियों की सहभागिता सुनिश्चित हो।

कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि लंबित प्रकरणों का नियमानुसार एवं समय-सीमा में निराकरण किया जाए। उन्होंने बकेट क्लेम, नागरिक पट्टे, पी.ओ. पोर्टल, आर.आर.सी., प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की और जनहित से जुड़े मामलों को प्राथमिकता के साथ निपटाने के निर्देश दिए।

बैठक में स्कूलों में फिजिकल ग्राउंड की स्थिति, जाति एवं निवास प्रमाण-पत्र, अविवादित नामांतरण, बंटवारा प्रकरण तथा विभिन्न विभागों से संबंधित एनओसी की भी समीक्षा की गई। कलेक्टर ने कहा कि अनावश्यक रूप से लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण सुनिश्चित किया जाए।

उन्होंने विभिन्न विभागों में अधिकारियों-कर्मचारियों की बायोमेट्रिक उपस्थिति की समीक्षा करते हुए नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही मेडिकल चेकअप, डेंगू जांच, स्वच्छता कार्यों तथा सेवानिवृत्त होने वाले अधिकारी-कर्मचारियों के देयकों के भुगतान की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने सेवानिवृत्ति संबंधी भुगतान समय पर सुनिश्चित करने को कहा।

बैठक में ई-ऑफिस, प्रोजेक्ट पुनर्जीवन, नगरीय निकायों में पेंशन प्रकरण तथा पीएम श्री योजना की प्रगति की भी समीक्षा की गई। सेवा से हटने वाले कर्मचारियों से संबंधित प्रकरणों का नियमानुसार निर्धारित समय-सीमा में निराकरण करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर ने कहा कि माह के अंतिम सप्ताह में आयोजित बैठकों एवं कार्यालयीन कार्यों के दौरान समय का विशेष ध्यान रखा जाए। अनुपस्थित अधिकारी-कर्मचारियों के संबंध में नियमानुसार प्रमाण-पत्र जारी करने के निर्देश भी दिए। पीएम सूर्य घर योजना की समीक्षा करते हुए उन्होंने अधिकारियों को अपने अधीनस्थ अधिकारी-कर्मचारियों को अपने घरों में सोलर पैनल लगाने के लिए प्रोत्साहित करने को कहा।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने सभी विभागीय अधिकारियों को टीएल बैठक में दिए गए निर्देशों का गंभीरता से पालन करने और आगामी बैठक से पहले प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जनहित से जुड़े कार्यों में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा।

बैठक में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest