हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा स्वतंत्रता दिवस, पुलिस परेड ग्राउंड में फाइनल फुल ड्रेस रिहर्सल
📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 13 अगस्त 2026
राजधानी रायपुर के पुलिस परेड ग्राउंड में 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस का गरिमामय समारोह हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया जाएगा। समारोह की तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए आज पुलिस परेड ग्राउंड में फाइनल फुल ड्रेस रिहर्सल आयोजित की गई।

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय सुबह 9 बजे ध्वजारोहण करेंगे और परेड की सलामी लेंगे। समारोह की तैयारियों और व्यवस्थाओं का जायजा लेने पुलिस महानिदेशक अरुण देव गौतम, एडीजी विवेकानंद सिन्हा, पुलिस आयुक्त संजीव शुक्ला और कलेक्टर गौरव सिंह पुलिस परेड ग्राउंड पहुंचे।

फुल ड्रेस रिहर्सल के दौरान मुख्यमंत्री के सुरक्षा अधिकारी हरीश तिवारी ने मुख्य अतिथि के रूप में ध्वजारोहण किया। उन्होंने परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली।

17 प्लाटून करेंगी आकर्षक मार्च पास्ट
स्वतंत्रता दिवस समारोह में 17 प्लाटून आकर्षक मार्च पास्ट में शामिल होंगी। इनमें सीमा सुरक्षा बल, केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल, भारत-तिब्बत सीमा पुलिस, केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल, सशस्त्र सीमा बल, बिहार पुलिस, छत्तीसगढ़ सशस्त्र बल पुरुष एवं महिला, छत्तीसगढ़ पुलिस पुरुष, जेल पुलिस पुरुष, नगर सेना पुरुष एवं महिला, एनसीसी बालक-बालिका टुकड़ियां, घुड़सवार दल, डॉग स्क्वॉड और बैंड प्लाटून शामिल हैं।

महिला बैगपाइपर बैंड द्वारा भी विशेष मार्चिंग प्रेजेंटेशन दिया जाएगा। आरक्षक सोनबती ठाकुर के नेतृत्व में महिला बैगपाइपर बैंड अपनी प्रस्तुति देगा।
843 स्कूली विद्यार्थी देंगे सांस्कृतिक प्रस्तुतियां

स्वतंत्रता दिवस समारोह में मुख्यमंत्री पुलिस अधिकारियों को पदक एवं अलंकरण से सम्मानित करेंगे। समारोह में स्कूली विद्यार्थियों की आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी होंगी। इस वर्ष करीब 843 छात्र-छात्राएं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।

सांस्कृतिक प्रस्तुतियों में छत्तीसगढ़ उत्तर क्षेत्र (सरगुजा संभाग), छत्तीसगढ़ पश्चिम क्षेत्र (दुर्ग संभाग) और छत्तीसगढ़ मध्य क्षेत्र (रायपुर संभाग) के विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थी शामिल होंगे।

समारोह को लेकर पुलिस परेड ग्राउंड में सुरक्षा, परेड, सांस्कृतिक कार्यक्रम और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है।


