CHHATTISGARHnewsraipur

नगर निगम जोन-8 की बड़ी कार्रवाई: 8 व्यावसायिक परिसरों पर सीलबंदी, 5.24 लाख रुपये की बकाया राशि वसूल

📡36garhnewsupdate.com

 

रायपुर, 12 अगस्त 2026

रायपुर नगर पालिक निगम द्वारा बकाया राजस्व की वसूली के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत नगर निगम जोन क्रमांक 8 के राजस्व विभाग ने बड़ी कार्रवाई की। विगत कई वर्षों से बकाया राशि जमा नहीं करने वाले बड़े बकायादारों के खिलाफ वार्ड क्रमांक 1, 2 और 21 में कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यावसायिक परिसरों को सीलबंद किया गया।

 

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के आदेश तथा अपर आयुक्त राजस्व लोकेश्वर साहू, उपायुक्त राजस्व डॉ. अंजलि शर्मा और जोन-8 जोन कमिश्नर राजेश्वरी पटेल के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई। सहायक राजस्व अधिकारी महादेव रक्सेल के मार्गदर्शन में राजस्व निरीक्षक राजेश मिश्रा, सहायक राजस्व निरीक्षक राकेश दुबे एवं शिवेन्द्र सिंह सहित राजस्व विभाग की टीम ने कार्रवाई को अंजाम दिया

राजस्व विभाग के अनुसार, संबंधित बकायादारों को पूर्व में डिमांड बिल, डिमांड नोटिस और अंतिम नोटिस जारी कर बकाया राशि जमा करने के निर्देश दिए गए थे। इसके बावजूद भुगतान नहीं किए जाने पर निगम की टीम ने संबंधित व्यावसायिक परिसरों पर सीलबंदी की कार्रवाई की।

वार्ड-1 में तीन परिसरों पर कार्रवाई

वीर सावरकर नगर वार्ड क्रमांक 1 में 75,237 रुपये के बकायादार ओमप्रकाश तिवारी, 82,554 रुपये के बकायादार सुरेन्द्र सिंह और 2,11,633 रुपये के बकायादार राहुल धारीवाल के संबंधित व्यावसायिक परिसरों को बकाया राशि जमा नहीं करने पर सीलबंद किया गया।

वार्ड-2 में दो मामलों में कार्रवाई

पंडित जवाहर लाल नेहरू वार्ड क्रमांक 2 में 5,02,813 रुपये के बकायादार रामानंद अग्रवाल के परिसर में सीलबंदी की कार्रवाई शुरू होते ही उन्होंने 2,63,064 रुपये की बकाया राशि का पार्ट पेमेंट कर दिया। वहीं 9,93,482 रुपये के बकायादार संतोषी देवी/रामनिवास के संबंधित व्यावसायिक परिसर को बकाया राशि जमा नहीं करने पर सीलबंद किया गया।

वार्ड-21 में तीन बकायादारों पर कार्रवाई

शहीद भगत सिंह वार्ड क्रमांक 21 में 1,68,613 रुपये के बकायादार रजिन्दर सिंह सब्बरवाल के संबंधित व्यावसायिक परिसर में 8 दुकानों को सीलबंद किया गया। वहीं 1,70,707 रुपये के बकायादार अनुराग विज और 90,984 रुपये के बकायादार तेजेन्दर सिंह ने सीलबंदी की कार्रवाई होते ही अपना संपूर्ण बकाया क्रमशः 1,70,707 रुपये और 90,984 रुपये धनादेश के माध्यम से मौके पर ही जमा कर दिया।

नगर निगम के अनुसार, सीलबंदी की कार्रवाई के दौरान बकायादारों द्वारा तत्काल किए गए भुगतानों से कुल 5 लाख 24 हजार 171 रुपये की बकाया राशि प्राप्त हुई। निगम ने स्पष्ट किया है कि बकाया राजस्व की वसूली के लिए अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest