CHHATTISGARHnewsraipur

प्रोजेक्ट पुनर्जीवन: रायपुर में 1,775 ट्री गार्ड और 382 कांक्रीट घेरों-पेवर हटाए गए

📡36garhnewsupdate.com

रायपुर, 12 अगस्त 2026

मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के निर्देश तथा रायपुर कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह के मार्गदर्शन में जिला प्रशासन द्वारा संचालित पर्यावरण हितैषी ‘प्रोजेक्ट पुनर्जीवन’ के तहत रायपुर नगर निगम क्षेत्र में पौधों को प्राकृतिक रूप से विकसित होने के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध कराया जा रहा है।

अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र के सभी 10 जोनों में ऐसे पौधों को चिन्हित किया गया, जो ट्री गार्ड, कांक्रीट के घेरे अथवा पेवर से चारों ओर से घिरे होने के कारण प्राकृतिक रूप से विकसित नहीं हो पा रहे थे। चिन्हित स्थानों पर अब तक लगभग 1,775 ट्री गार्ड तथा 382 स्थानों से कांक्रीट के घेरे और पेवर हटाने की कार्रवाई की जा चुकी है। अभियान लगातार जारी है।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के मार्गदर्शन में सभी 10 जोन कमिश्नरों द्वारा अपने-अपने जोन के वार्डों में अभियान की नियमित निगरानी की जा रही है। ट्री गार्ड एवं कांक्रीट हटाए जाने से पौधों को मिट्टी, पानी और हवा सीधे प्राप्त होने के साथ उनके प्राकृतिक विकास के लिए अनुकूल वातावरण उपलब्ध हो रहा है।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने इस कार्य को प्राथमिकता से पूरा करने के निर्देश सभी जोन कमिश्नरों को दिए हैं। वहीं, कलेक्टर डॉ. गौरव कुमार सिंह ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने आसपास लगे पौधों की देखभाल करें और उन्हें आवश्यकतानुसार पानी एवं खाद उपलब्ध कराकर पर्यावरण संरक्षण में सहभागी बनें।

जिला प्रशासन की ओर से पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान देने वाले नागरिकों को ‘पर्यावरण मित्र’ के रूप में सम्मानित किए जाने की पहल भी की जा रही है। प्रोजेक्ट पुनर्जीवन के तहत पौधों के संरक्षण और संवर्धन का यह अभियान सभी 10 जोनों में निरंतर जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest