सेवा-सेतु और सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों का वास्तविक रूप से करें निराकरण : ऋचा शर्मा
📡36garhnewsupdate.com

प्रभारी सचिव ने ली जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक, शासन की योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के दिए निर्देश
रायपुर, 12 अगस्त 2026
जिले की प्रभारी सचिव एवं अपर मुख्य सचिव श्रीमती ऋचा शर्मा ने बुधवार को रेडक्रॉस सभाकक्ष में जिला स्तरीय अधिकारियों की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और जिला प्रशासन द्वारा संचालित नवाचारों की प्रगति की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।

श्रीमती शर्मा ने कहा कि राज्य सरकार सुशासन और नवाचार के क्षेत्र में लगातार कार्य कर रही है। नागरिकों को सेवा-सेतु पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जनसुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने सीएम हेल्पलाइन से प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि शिकायतों का सतही निराकरण न किया जाए, बल्कि उनकी वास्तविक समस्या का समाधान किया जाए।
उन्होंने कहा कि दस्तावेजों के अभाव में किसी प्रकरण को निरस्त करने की स्थिति में वीएलसी एवं सेवा-सेतु केंद्रों के कर्मचारियों को आवश्यक प्रशिक्षण दिया जाए, ताकि हितग्राहियों के जरूरी दस्तावेज सही तरीके से अपलोड हो सकें।
पात्र किसानों को मिले पीएम किसान सम्मान निधि का लाभ
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की समीक्षा के दौरान प्रभारी सचिव ने प्रत्येक पात्र हितग्राही को योजना का लाभ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने राजस्व विभाग को फौती एवं खाता विभाजन के प्रकरणों का समय-सीमा में निराकरण करने तथा लंबे समय से लंबित संयुक्त खाता विभाजन के मामलों का भी शीघ्र निराकरण करने को कहा, ताकि पात्र किसानों को योजना का लाभ मिल सके।

प्रोजेक्ट धड़कन, स्मृति पुस्तकालय और प्रोजेक्ट दधीचि की सराहना
श्रीमती शर्मा ने जिला प्रशासन द्वारा संचालित प्रोजेक्ट धड़कन, स्मृति पुस्तकालय एवं प्रोजेक्ट दधीचि की सराहना की। उन्होंने इन नवाचारों के प्रति अधिक से अधिक लोगों को जागरूक करने तथा जनभागीदारी बढ़ाने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान प्रोजेक्ट धड़कन एवं प्रोजेक्ट दधीचि के हितग्राहियों तथा स्मृति पुस्तकालय के दानदाताओं को सम्मानित भी किया गया।
हर जनपद में विकसित हो एक स्वस्थ पंचायत
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए श्रीमती शर्मा ने बारिश के मौसम में संभावित बीमारियों एवं महामारी की स्थिति को देखते हुए आवश्यक दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मितानिनों की दवा पेटियों को नियमित रूप से रीफिल कराने को कहा।
उन्होंने सुझाव दिया कि जिले के प्रत्येक जनपद में एक स्वस्थ पंचायत विकसित की जाए, जहां महिलाओं और बच्चों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित हो।
शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर परिणाम का लक्ष्य
शिक्षा विभाग की समीक्षा में उन्होंने पीएम श्री स्कूलों में निर्माण कार्य शीघ्र पूरा करने और आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राजधानी रायपुर को परख पोर्टल पर उत्कृष्ट प्रदर्शन बनाए रखने के लिए निरंतर प्रयास किए जाएं।
श्रीमती शर्मा ने जिले में हाई स्कूल एवं हायर सेकेंडरी परीक्षाओं के परिणामों में हुई वृद्धि की सराहना करते हुए अगले वर्ष श्रेणीगत परिणामों में और बेहतर प्रदर्शन का लक्ष्य निर्धारित करने के निर्देश दिए।
तालाबों को अतिक्रमण से मुक्त रखने के निर्देश
उन्होंने सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों एवं पंचायत विभाग के अधिकारियों को गांवों के तालाबों में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण नहीं होने देने के निर्देश दिए। उन्होंने पीएम सूर्यघर योजना के लक्ष्य को जल्द पूरा करने और अधिक से अधिक लोगों को योजना के प्रति प्रेरित करने के साथ ही सभी शासकीय कार्यालयों में ऊर्जा ऑडिट कराने के निर्देश भी दिए।
स्कूलों और आंगनबाड़ी केंद्रों में उपलब्ध होंगे पौष्टिक सब्जियों के बीज
कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बैठक में बताया कि जिले के सभी स्कूलों एवं आंगनबाड़ी केंद्रों में वीएनआर सीड्स के सहयोग से अमरूद एवं लौकी के बीज उपलब्ध कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा अनुबंध किया गया है। इससे बच्चों को स्वस्थ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
कलेक्टर ने ‘आओ बांटें खुशियां’ प्रोजेक्ट की जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के बाद जिले में न्योता भोज को लेकर जनभागीदारी में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है। अब तक 7 हजार से अधिक लोगों ने अपने जन्मदिन सहित अन्य अवसर नजदीकी आंगनबाड़ी केंद्रों एवं स्कूलों में मनाए हैं।
बैठक में जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन, एसीपी अमित तुकाराम काम्बले, रायपुर ग्रामीण एसपी श्वेता सिन्हा, अपर कलेक्टर कीर्तिमान सिंह राठौर, एडीएम उमाशंकर बंदे सहित विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


