हरेली तिहार पर उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने की गौ माता और कृषि औजारों की पूजा-अर्चना
📡36garhnewsupdate.com


अच्छी बारिश, समृद्ध फसल और प्रदेश की खुशहाली के लिए की प्रार्थना
रायपुर। 12/08/26
उप मुख्यमंत्री अरुण साव ने नवा रायपुर, अटल नगर स्थित अपने निवास पर छत्तीसगढ़ के पारंपरिक कृषि पर्व हरेली तिहार को विधि-विधान से मनाया। उन्होंने गौ माता तथा नांगर, गैती, कुदारी सहित कृषि औजारों की पूजा-अर्चना कर प्रदेश में अच्छी बारिश, भरपूर फसल और खुशहाली की कामना की।

हरेली के अवसर पर उप मुख्यमंत्री ने घर के प्रवेश द्वार पर आरोग्य एवं हरियाली के प्रतीक नीम की डाली लगाई। इस दौरान छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोक परंपराओं की झलक भी देखने को मिली। उन्होंने प्रदेशवासियों को हरेली तिहार की बधाई और शुभकामनाएं दीं।

उप मुख्यमंत्री साव ने कहा कि हरेली छत्तीसगढ़ की माटी, खेती-किसानी और लोक संस्कृति से गहराई से जुड़ा महत्वपूर्ण पर्व है। यह पर्व प्रकृति, कृषि और अन्नदाता के प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता का भाव प्रकट करता है। हरेली के अवसर पर गेड़ी सहित विभिन्न पारंपरिक लोक परंपराएं छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक समृद्धि को प्रदर्शित करती हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी लोक परंपराएं और तिहार हमारी सांस्कृतिक पहचान का अभिन्न हिस्सा हैं। इनके संरक्षण और संवर्धन की जिम्मेदारी हम सभी की है। उन्होंने भगवान से प्रदेश में अच्छी बारिश और खेतों में लहलहाती फसल के साथ प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि की कामना की।



