सक्षम सारंगढ़: चार दिव्यांगजनों को स्वरोजगार के लिए प्रशिक्षण सामग्री वितरित
📡36garhnewsupdate.com

सारंगढ़। 11/08/2026
दिव्यांगजनों को कौशल प्रशिक्षण के माध्यम से स्वरोजगार से जोड़ने की दिशा में समाज कल्याण विभाग द्वारा संचालित ‘सक्षम सारंगढ़’ अभियान के तहत चार चिन्हित दिव्यांगजनों को स्वरोजगार इकाई की स्थापना के लिए प्रशिक्षण सामग्री प्रदान की गई। कलेक्ट्रेट परिसर में आयोजित कार्यक्रम में कलेक्टर पदमिनी भोई साहू ने प्रशिक्षण प्राप्त दिव्यांगजनों को सामग्री वितरित की।

कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर ने दिव्यांगजनों द्वारा स्वयं की चलित स्वरोजगार इकाई स्थापित कर आत्मनिर्भर बनने की दिशा में किए जा रहे प्रयासों की सराहना की तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं।

समाज कल्याण विभाग के अनुसार, कलेक्टर पदमिनी भोई साहू के मार्गदर्शन में ‘सक्षम सारंगढ़’ थीम के तहत जिले में दिव्यांगजनों की प्रतिभा और हुनर की पहचान कर उन्हें कौशल उन्नयन आधारित व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके माध्यम से दिव्यांगजनों को लघु स्वरोजगार इकाई स्थापित करने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराकर उन्हें आर्थिक रूप से स्वावलंबी बनाने और पुनर्वासित करने का प्रयास किया जा रहा है।

अभियान के तहत जिले में 30 दिव्यांग युवाओं को पुनर्वासित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। प्रथम चरण में चार दिव्यांग युवाओं को आवश्यक प्रशिक्षण एवं सहायता उपलब्ध कराकर स्वरोजगार से जोड़ने की पहल की गई है।
प्रशिक्षण सामग्री वितरण कार्यक्रम में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी ऋषिकेश तिवारी, एसडीएम उमेश कुमार साहू, समाज कल्याण अधिकारी विनय तिवारी सहित जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।



