न्यायधानी बिलासपुर में छत्तीसगढ़ प्रदेश आचार्य ब्राह्मण समिति की महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक संपन्न
📡 36garhnewsupdate.com...

📡 आगामी महासम्मेलन की तैयारियों पर हुआ व्यापक मंथन, कोर कमेटी का गठन; समाज की एकता, सहभागिता और संगठनात्मक मजबूती पर दिया जोर…
बिलासपुर, छत्तीसगढ़। 09 अगस्त 2026
छत्तीसगढ़ प्रदेश आचार्य ब्राह्मण समिति की महत्वपूर्ण प्रदेश स्तरीय बैठक आज राज्य की न्यायधानी बिलासपुर स्थित लायंस भवन में उत्साहपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में संपन्न हुई, बैठक में प्रदेश के विभिन्न जिलों एवं संभागों से आए पदाधिकारीगण, मातृशक्ति, वरिष्ठ सदस्य एवं समाज के प्रतिनिधि बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।
बैठक का मुख्य उद्देश्य आगामी प्रदेश स्तरीय महासम्मेलन को भव्य, सुव्यवस्थित एवं सफल बनाने के लिए आवश्यक तैयारियों की रूपरेखा तैयार करना रहा, इस दौरान आयोजन से जुड़े विभिन्न विषयों पर विस्तारपूर्वक चर्चा करते हुए उपस्थित सदस्यों नें अपनें-अपनें सुझाव एवं विचार रखे।
📡 महासम्मेलन की तैयारी के लिए कोर कमेटी का गठन…
बैठक में आगामी महासम्मेलन के सफल आयोजन के लिए कोर कमेटी का चयन किया गया, आयोजन की वित्तीय व्यवस्था, स्थल चयन, भोजन एवं आवास व्यवस्था, मंच संचालन, अतिथि आमंत्रण, प्रचार-प्रसार, पंजीयन, सम्मान समारोह सहित विभिन्न व्यवस्थाओं को लेकर जिम्मेदारियां निर्धारित करनें पर भी चर्चा हुई।
इसके साथ ही आयोजन समिति के गठन, सहयोग राशि एवं सदस्यता शुल्क की व्यवस्था, प्रदेश एवं प्रदेश के बाहर निवासरत समाजजनों से सहयोग प्राप्त करनें, अन्य प्रदेशों के प्रमुख सामाजिक संगठनों एवं प्रतिनिधियों को आमंत्रित करनें तथा जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों एवं विशिष्ट अतिथियों की सहभागिता सुनिश्चित करने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विचार-विमर्श किया गया।
बैठक में महासम्मेलन के दौरान समाज की गरिमा, अनुशासन एवं एकरूपता बनाए रखनें पर भी विशेष जोर दिया गया, आयोजन में सदस्यों के लिए पारंपरिक धोती-कुर्ता अथवा कुर्ता-पायजामा की ड्रेस अपनानें का सुझाव रखा गया, आयोजन स्थल पर अनुशासन एवं मर्यादा बनाए रखनें तथा नशे की स्थिति में आनें वाले व्यक्तियों के विरुद्ध समिति के नियमों के अनुरूप आवश्यक कार्रवाई किए जानें पर भी चर्चा हुई।

📡 सभी सदस्यों नें रखे अपनें विचार…
बैठक के दौरान उपस्थित पदाधिकारी एवं सदस्यों नें संगठन को और अधिक मजबूत बनानें तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर आगे बढ़नें के लिए अपनें विचार साझा किए, मातृशक्ति एवं वरिष्ठ सदस्यों की सहभागिता नें बैठक को विशेष गरिमा प्रदान की।
वक्ताओं नें कहा कि कोई भी संगठन केवल पदाधिकारियों से नहीं, बल्कि हर सदस्य की सक्रिय सहभागिता, सहयोग और जिम्मेदारी की भावना से मजबूत होता है, समाज के विकास के लिए आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर सामूहिक हित को प्राथमिकता देना आवश्यक है।
📡 समाज की एकता ही संगठन की सबसे बड़ी शक्ति…
बैठक में यह संदेश प्रमुखता से सामनें आया कि “संगठन में पद से अधिक महत्वपूर्ण समाज के प्रति जिम्मेदारी है,” समाज के सभी वर्गों को साथ लेकर चलनें, युवाओं को संगठन से जोड़नें, मातृशक्ति की भागीदारी बढ़ानें तथा वरिष्ठजनों के अनुभव का लाभ लेकर नई पीढ़ी के लिए मजबूत सामाजिक आधार तैयार करनें की आवश्यकता पर जोर दिया गया।
बैठक में उपस्थित सदस्यों नें आगामी महासम्मेलन को केवल एक आयोजन न बनाकर समाज की एकता, संस्कार, संगठनात्मक शक्ति और सामाजिक प्रगति का मजबूत मंच बनानें का संकल्प व्यक्त किया।

📡 प्रदेश अध्यक्ष नें व्यक्त किया आभार…
बैठक के सफल आयोजन एवं सक्रिय सहभागिता के लिए प्रदेश अध्यक्ष माननीय संतोष शर्मा नें सभी पदाधिकारियों, मातृशक्ति, वरिष्ठजनों एवं समाज के सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग और सामूहिक प्रयास से आगामी महासम्मेलन को ऐतिहासिक एवं यादगार बनाया जाएगा।
उन्होंने समाजजनों से आह्वान किया कि संगठन को मजबूत बनानें के लिए व्यक्तिगत अपेक्षाओं से ऊपर उठकर सामाजिक एकता और सामूहिक हित को प्राथमिकता दें तथा अधिक से अधिक संख्या में संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी निभाएं।
बैठक का समापन समाज की एकता, अनुशासन और सामाजिक उत्थान के संकल्प के साथ हुआ।





