CHHATTISGARHnewsraipur

मानवता की सेवा के लिए रेडक्रॉस से जुड़ रहे अधिकारी-कर्मचारी, धरसींवा के 117 कर्मचारियों ने ली आजीवन सदस्यता

📡36garhnewsupdate.com

 

रायपुर, 07 अगस्त 2026।

रायपुर जिले में इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की सदस्यता बढ़ाने के लिए चलाए जा रहे जागरूकता अभियान को लगातार सकारात्मक समर्थन मिल रहा है। जिला रेडक्रॉस अध्यक्ष एवं कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह के निर्देशन में अधिकारी-कर्मचारी और नागरिक बड़ी संख्या में रेडक्रॉस से जुड़कर समाजसेवा में अपनी भागीदारी निभा रहे हैं।

इसी क्रम में विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) धरसींवा अमित तिवारी के नेतृत्व में 117 अधिकारी-कर्मचारियों ने इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी की आजीवन सदस्यता ग्रहण की। जिला कलेक्टोरेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने बीईओ से सदस्यता राशि प्राप्त की।

कलेक्टर डॉ. गौरव सिंह ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि मानव सेवा के लिए किया गया प्रत्येक प्रयास समाज में संवेदनशीलता और सहयोग की भावना को मजबूत करता है। उन्होंने अधिक से अधिक अधिकारी-कर्मचारियों एवं नागरिकों से रेडक्रॉस सोसाइटी की सदस्यता लेकर जरूरतमंदों की सहायता में सहभागी बनने की अपील की।

इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी एक स्वतंत्र मानवतावादी संस्था है, जो प्राकृतिक आपदाओं और संकट की परिस्थितियों में राहत एवं सहायता कार्यों के साथ प्राथमिक उपचार प्रशिक्षण, स्वास्थ्य जागरूकता अभियान तथा रक्तदान शिविरों का आयोजन करती है।

सोसाइटी की सदस्यता विभिन्न श्रेणियों में उपलब्ध है। संरक्षक सदस्यता के लिए 25 हजार रुपये, उप संरक्षक सदस्यता के लिए 12 हजार रुपये, आजीवन सदस्यता के लिए 1 हजार रुपये तथा वार्षिक सदस्यता के लिए 100 रुपये निर्धारित किए गए हैं।

कार्यक्रम में नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा, जिला पंचायत सीईओ कुमार बिश्वरंजन सहित अन्य जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest