व्हीआईपी रोड पर मलबा फेंकने पर निगम की सख्त कार्रवाई, व्यवसायी पर ₹25 हजार का ई-जुर्माना
📡36garhnewsupdate.com

रायपुर | 7/08/26
व्हीआईपी रोड स्थित बेबीलान टावर के समीप मुख्य सड़क किनारे एक व्यवसायिक परिसर द्वारा बड़ी मात्रा में मलबा डाले जाने की जनशिकायत पर रायपुर नगर निगम के जोन-9 स्वास्थ्य विभाग ने त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित व्यवसायी पर ₹25,000 का ई-जुर्माना लगाया।

नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा के निर्देश पर जोन-9 के जोन कमिश्नर राकेश शर्मा के मार्गदर्शन में स्वास्थ्य अधिकारी बारोन बंजारे एवं उमेश नामदेव तथा स्वच्छता निरीक्षक भोला तिवारी ने मौके का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान जनशिकायत सही पाई गई और मुख्य मार्ग के किनारे बड़ी मात्रा में मलबा डाला हुआ मिला।

जोन स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित व्यवसायिक परिसर के संचालक जसवीर सिंह खनूजा को भविष्य में दोबारा इस प्रकार की लापरवाही नहीं करने की कड़ी चेतावनी दी। साथ ही नगर निगम अधिनियम के प्रावधानों के तहत तत्काल ₹25,000 का ई-जुर्माना लगाया गया।
नगर निगम ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थानों पर मलबा या कचरा फेंककर स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था प्रभावित करने वालों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।



