CHHATTISGARHnewsraipur

प्रोजेक्ट गरिमा के तहत जिले के 262 विद्यालयों में बनेंगे मॉडल बालिका शौचालय

📡36garhnewsupdate.com

बालिकाओं को मिलेंगी सुरक्षित, स्वच्छ और दिव्यांग अनुकूल सुविधाएं, 16.90 करोड़ रुपये स्वीकृत

रायपुर | 06 अगस्त 2026

रायपुर। जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अध्ययनरत बालिकाओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सम्मानजनक वातावरण उपलब्ध कराने के उद्देश्य से प्रोजेक्ट गरिमा के अंतर्गत 262 विद्यालयों में मॉडल बालिका शौचालयों के निर्माण की स्वीकृति दी गई है। यह कार्य वीबी जीरामजी, गौण खनिज एवं जिला खनिज संस्थान न्यास (DMF) के सहयोग से किया जाएगा।

परियोजना के तहत 5 लाख एवं 7 लाख रुपये लागत के दो मॉडल तैयार किए गए हैं। इन आधुनिक शौचालयों में सौर ऊर्जा आधारित विद्युत व्यवस्था, कन्सील्ड फ्लश सिस्टम, उच्च गुणवत्ता के सेनेटरी उपकरण, पर्याप्त जलापूर्ति के लिए प्रेशर बूस्टर तथा दिव्यांगजनों के लिए बाधारहित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।

निर्माण कार्यों के लिए जिले के 262 विद्यालयों हेतु कुल 16.90 करोड़ रुपये (1690.82 लाख रुपये) स्वीकृत किए गए हैं। इसमें वीबी जीरामजी मद से 1308.82 लाख रुपये, गौण खनिज मद से 30 लाख रुपये तथा डीएमएफ मद से 352 लाख रुपये शामिल हैं। निर्माण कार्यों के क्रियान्वयन की जिम्मेदारी संबंधित ग्राम पंचायतों को सौंपी गई है।

निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए ग्रामीण अभियांत्रिकी सेवा (RES) के कार्यपालन अभियंता द्वारा मॉडल प्राक्कलन तैयार किया गया है। साथ ही सभी विकासखंडों के सरपंच, सचिव, रोजगार सहायकों एवं जनपद पंचायत के तकनीकी अमले को निर्माण मानकों का प्रशिक्षण दिया गया है। प्रत्येक विकासखंड में तकनीकी अमले की उपस्थिति में लेआउट तैयार कर निर्माण कार्य प्रारंभ कराया जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest