CHHATTISGARHINDIAnewsraipur

प्लेसमेंट कर्मचारियों की न्यायोचित मांगों को मिला रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ का समर्थन

📡 36garhnewsupdate.com...

रायपुर, 05 अगस्त 2026। छत्तीसगढ़ नगरीय निकाय प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ द्वारा अपनी दो प्रमुख मांगों के समर्थन में 06 एवं 07 अगस्त 2026 को प्रस्तावित दो दिवसीय हड़ताल को रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ का समर्थन प्राप्त हुआ है।

इसी क्रम में बुधवार को महासंघ के प्रतिनिधिमंडल ने रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव से सौजन्य भेंट कर उन्हें मांगपत्र सौंपा तथा आंदोलन के समर्थन का आग्रह किया।

महासंघ नें अपनी प्रमुख मांगों में संचालनालय नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों की तर्ज पर नगरीय निकायों में कार्यरत प्लेसमेंट कर्मचारियों को भी संविदा दर पर वेतन प्रदान किए जाने तथा नगरीय निकायों में चारों नए श्रम कानूनों को प्रभावी रूप से लागू किए जानें की मांग रखी है।

इस अवसर पर अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ के अध्यक्ष प्रमोद जाधव नें महासंघ की मांगों को पूरी तरह न्यायोचित एवं कर्मचारियों के हित में बताते हुए अपना पूर्ण समर्थन व्यक्त किया, उन्होंने कहा कि प्लेसमेंट कर्मचारियों की वर्षों से लंबित मांगों का शीघ्र समाधान होना चाहिए, ताकि उन्हें न्याय, सम्मानजनक कार्य वातावरण और उचित आर्थिक सुरक्षा मिल सके।

उन्होंने राज्य के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय तथा उप-मुख्यमंत्री एवं नगरीय प्रशासन एवं विकास मंत्री अरुण साव से आग्रह किया कि प्लेसमेंट कर्मचारी महासंघ की मांगों पर संवेदनशीलता एवं सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाते हुए शीघ्र निर्णय लिया जाए, जिससे कर्मचारियों की समस्याओं का स्थायी समाधान सुनिश्चित हो सके।

रायपुर नगर निगम अधिकारी-कर्मचारी एकता संघ ने विश्वास व्यक्त किया कि राज्य सरकार कर्मचारियों की न्यायसंगत मांगों पर सकारात्मक पहल करते हुए शीघ्र उचित निर्णय लेगी, जिससे प्रदेश के नगरीय निकायों में कार्यरत हजारों प्लेसमेंट कर्मचारियों को राहत मिलेगी।

Sanjay Mishra

Sub editor Mo.-9981295921

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest