पीएम स्वनिधि योजना के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण के लिए निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने बैंकर्स के साथ की समीक्षा
📡36garhnewsupdate.com
तीनों ट्रेंच में 32,656 पथ विक्रेताओं को मिला लाभ, ₹51.79 करोड़ का ऋण वितरित
रायपुर। 4/08/26
प्रधानमंत्री स्वनिधि (पीएम स्वनिधि) योजना के अंतर्गत लंबित ऋण प्रकरणों के शीघ्र निराकरण और पात्र हितग्राहियों को समय पर लाभ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रायपुर नगर निगम में बैंकर्स के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता नगर निगम आयुक्त संबित मिश्रा ने की।
बैठक में उपायुक्त (पीएम स्वनिधि) डॉ. अंजलि शर्मा, मिशन मैनेजर (पीएम स्वनिधि) सहित विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस दौरान बैंकवार लंबित नवीन ऋण आवेदन, स्वीकृत होने के बावजूद वितरण लंबित प्रकरणों तथा प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण (तीनों ट्रेंच) से संबंधित मामलों की विस्तार से समीक्षा की गई।
आयुक्त संबित मिश्रा ने सभी बैंक प्रतिनिधियों को निर्देश दिए कि पात्र पथ विक्रेताओं के लंबित आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर परीक्षण कर समयबद्ध तरीके से ऋण स्वीकृत एवं वितरित किया जाए, ताकि अधिक से अधिक हितग्राही प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ प्राप्त कर सकें।
बैठक में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय ऋण (तीनों ट्रेंच) के लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण, बैंक एवं नगर निगम के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा लंबित मामलों की नियमित समीक्षा पर विशेष जोर दिया गया।
नगर निगम के अनुसार, प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत अब तक तीनों ट्रेंच में 32,656 पथ विक्रेताओं को लाभान्वित किया जा चुका है। इसके साथ ही हितग्राहियों को ₹51.79 करोड़ की ऋण राशि का वितरण किया जा चुका है।
नगर निगम ने बताया कि योजना का लाभ लेने के इच्छुक पात्र पथ विक्रेता रायपुर नगर निगम मुख्यालय के तृतीय तल स्थित पीएम स्वनिधि कार्यालय (कक्ष क्रमांक 411) अथवा अपने निकटतम चॉइस सेंटर में आवेदन प्रस्तुत कर सकते हैं।
बैठक के अंत में नगर निगम ने सभी संबंधित बैंकों से योजना के प्रभावी क्रियान्वयन में सक्रिय सहयोग देने का आग्रह किया, ताकि शहर के अधिक से अधिक पात्र पथ विक्रेताओं को समय पर ऋण उपलब्ध कराया जा सके और उन्हें आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिल सके।



