CHHATTISGARHnewsraipur

खेल अधोसंरचना को मिलेगा बड़ा बल, मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ का प्रावधान

📡36garhnewsupdate.com

 

हॉकी लीग की तैयारी तेज, क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के लिए 57 करोड़ का बजट

रायपुर, 04 अगस्त 2026

उप मुख्यमंत्री एवं खेल तथा युवा कल्याण मंत्री अरुण साव ने मंगलवार को आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में विभाग की उपलब्धियों और आगामी योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि राज्य में खेल संस्कृति को बढ़ावा देने, खेल अधोसंरचना को सुदृढ़ करने, महिला खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करने तथा नई प्रतिभाओं को अवसर देने के उद्देश्य से वित्तीय वर्ष 2026-27 में मुख्यमंत्री खेल उत्कर्ष मिशन के लिए 100 करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। वहीं छत्तीसगढ़ क्रीड़ा प्रोत्साहन योजना के लिए 57 करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया गया है।

नवा रायपुर स्थित छत्तीसगढ़ संवाद ऑडिटोरियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में उन्होंने बताया कि राज्य में हॉकी लीग के आयोजन की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। साथ ही खेल अकादमियों में उच्च स्तरीय प्रशिक्षण सुनिश्चित करने के लिए 14 प्रशिक्षकों को पटियाला प्रशिक्षण हेतु भेजा गया है।

उन्होंने बताया कि खेल गतिविधियों के विस्तार के लिए राज्य के छह नए जिलों—गौरेला-पेंड्रा-मरवाही, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई, मोहला-मानपुर-अंबागढ़ चौकी, सारंगढ़-बिलाईगढ़, मनेंद्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर तथा सक्ती—में खेल अधिकारी के पद सृजित किए गए हैं। इसके अलावा 44 प्रशिक्षकों, 4 जिला खेल अधिकारियों, 23 सहायक ग्रेड-3 तथा 8 वार्डनों की भर्ती प्रक्रिया जारी है।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अधिक से अधिक बच्चों और युवाओं को खेलों से जोड़ने के लिए सरकार लगातार प्रयासरत है। राज्य गठन के समय खेल एवं युवा कल्याण विभाग का बजट जहां केवल 4 करोड़ रुपये था, वहीं वर्ष 2026-27 में यह बढ़कर 304 करोड़ रुपये हो गया है।

उन्होंने बताया कि दूरस्थ आदिवासी अंचलों में खेल प्रतिभाओं को मंच देने के उद्देश्य से पिछले दो वर्षों से बस्तर ओलंपिक का सफल आयोजन किया जा रहा है। इसी वर्ष सरगुजा ओलंपिक की शुरुआत भी की गई है। वहीं खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स की सफल मेजबानी से छत्तीसगढ़ ने राष्ट्रीय खेल परिदृश्य में अपनी मजबूत पहचान बनाई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest