रायपुर में पूर्व सैनिकों के लिए आउटरीच कार्यक्रम आयोजित, पेंशन संबंधी समस्याओं का हुआ समाधान
📡36garhnewsupdate.com


रायपुर, 04 अगस्त 2026
मैकेनाइज्ड इन्फैंट्री रेजिमेंट के अभिलेख कार्यालय द्वारा मिशन निरंतर मिलाप के अंतर्गत रायपुर में पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों के लिए आउटरीच कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में पेंशन एवं SPARSH से संबंधित शिकायतों का मौके पर ही निराकरण किया गया।
कार्यक्रम को जिला सैनिक कल्याण अधिकारी रायपुर कैप्टन अनिल कुमार शर्मा (सेवानिवृत्त) ने संबोधित किया। उन्होंने पूर्व सैनिकों को उपलब्ध कराई जा रही सुविधाओं एवं पेंशन संबंधी सेवाओं की जानकारी दी।
आउटरीच कार्यक्रम में लगभग 42 पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों ने भाग लिया। इस दौरान पेंशन संबंधी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक मार्गदर्शन एवं सहायता प्रदान की गई।
मिशन निरंतर मिलाप का उद्देश्य पूर्व सैनिकों की पेंशन संबंधी समस्याओं का उनके घर-द्वार तक पहुंचकर समाधान करना है। अभियान के चौथे चरण का शुभारंभ 17 जून 2026 को किया गया था, जिसके अंतर्गत देश के मध्य एवं पूर्वी क्षेत्रों को शामिल किया गया है।
यह अभियान आगामी एक वर्ष तक देशभर में संचालित किया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक पूर्व सैनिकों, वीर नारियों एवं उनके आश्रितों को उनके निवास स्थान के निकट ही प्रभावी पेंशन संबंधी सहायता एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जा सके।


