CHHATTISGARHnewsraipur

प्रोजेक्ट ‘सहारा’ से बदली दिव्यांग दम्पत्ति की जिंदगी

📡36garhnewsupdate.com

मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने से आवागमन हुआ आसान, दम्पत्ति ने जताया आभार

रायपुर, 04 अगस्त 2026

राजधानी रायपुर स्थित सरदार बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में आयोजित प्रोजेक्ट ‘सहारा’ के अंतर्गत दिव्यांगजन सहायक उपकरण वितरण कार्यक्रम में 1,700 से अधिक दिव्यांगजनों को विभिन्न सहायक उपकरण वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान कंचना निवासी दिव्यांग दम्पत्ति भोलेश्वरी वर्मा एवं राकेश वर्मा को मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल प्रदान की गई।

अस्थि बाधित दिव्यांग दम्पत्ति में राकेश वर्मा निजी मॉल में लिफ्ट ऑपरेटर के रूप में कार्यरत हैं, जबकि भोलेश्वरी वर्मा गृहिणी हैं। दोनों को पहली बार मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने से उनके दैनिक आवागमन की बड़ी समस्या का समाधान हुआ है।

दम्पत्ति ने बताया कि पहले काम पर आने-जाने और अन्य आवश्यक कार्यों के लिए काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता था। अब मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल मिलने से वे अधिक आत्मनिर्भर होकर अपने दैनिक कार्य आसानी से कर सकेंगे। उन्होंने इस पहल के लिए मुख्यमंत्री विष्णु देव साय एवं जिला प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।

राज्य सरकार द्वारा संचालित प्रोजेक्ट ‘सहारा’ का उद्देश्य दिव्यांगजनों को आवश्यक सहायक उपकरण उपलब्ध कराकर उन्हें आत्मनिर्भर एवं सम्मानजनक जीवन जीने के लिए सक्षम बनाना है। मोटराइज्ड ट्राईसाइकिल जैसी सुविधाओं से दिव्यांगजन बिना किसी पर निर्भर हुए अपने कार्यस्थल तक सुगमता से पहुंच सकेंगे तथा आजीविका के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest