CHHATTISGARHnewsraipur

चोरी के 9 वाहन बरामद करने वाले 22 यातायात पुलिसकर्मी सम्मानित, पुलिस कमिश्नर ने किया पुरस्कृत

📡36garhnewsupdate.com

 

रायपुर, 4 अगस्त 2026

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट की यातायात पुलिस ने केवल यातायात व्यवस्था ही नहीं, बल्कि अपराध नियंत्रण में भी उल्लेखनीय सफलता हासिल की है। उत्कृष्ट कार्य करने वाले यातायात पुलिस के 22 अधिकारी एवं कर्मचारियों को पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने नगद पुरस्कार एवं प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।

सम्मान समारोह में अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर अमित तुकाराम कांबले ने जवानों का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी निष्ठा, सतर्कता और समर्पण के साथ कार्य करने की शुभकामनाएं दीं।

पुलिस कमिश्नर के निर्देश पर यातायात पुलिस द्वारा चौक-चौराहों एवं प्रमुख मार्गों पर बिना नंबर प्लेट, संदिग्ध और लावारिस वाहनों की लगातार जांच की गई। तकनीकी संसाधनों, मोबाइल एप और डिजिटल सत्यापन प्रणाली की मदद से पिछले एक माह में 9 अलग-अलग मामलों में चोरी के 9 वाहन बरामद किए गए, जिससे संबंधित अपराधों के खुलासे में महत्वपूर्ण सफलता मिली।

वाहन जांच के दौरान तेलीबांधा और पचपेड़ी नाका क्षेत्र में संदिग्ध मोटरसाइकिलों की जांच कर उनके चेचिस नंबर के आधार पर वास्तविक मालिकों का पता लगाया गया। जांच में वाहन चोरी के प्रकरण दर्ज पाए गए, जिसके बाद वाहन एवं आरोपियों को संबंधित थानों के सुपुर्द किया गया।

यातायात पुलिस ने अपराध नियंत्रण के क्षेत्र में भी सक्रिय भूमिका निभाते हुए पिछले 15 दिनों में 03 अलग-अलग मामलों में धारदार हथियार लेकर घूम रहे 03 संदिग्ध व्यक्तियों को पकड़कर संबंधित थानों के हवाले किया। इस उत्कृष्ट कार्य के लिए पांच पुलिसकर्मियों को भी सम्मानित किया गया।

पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा ने कहा कि आधुनिक तकनीक, सतर्क पुलिसिंग और प्रभावी टीम वर्क के माध्यम से यातायात पुलिस अपराधियों तक पहुंचने में अधिक सक्षम हुई है। भविष्य में भी आमजन की सुरक्षा और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।

सम्मान समारोह में पुलिस उपायुक्त यातायात एवं प्रोटोकॉल डॉ. अर्चना झा, सहायक पुलिस आयुक्त यातायात रमेश येरेवार सहित यातायात पुलिस के अधिकारी एवं कर्मचारी  उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest