CHHATTISGARHnewsraipur

संवाद से समाधान’ अभियान: मोवा के स्वामी आत्मानंद विद्यालय में विद्यार्थियों को नए आपराधिक कानून और साइबर सुरक्षा की दी जानकारी

📡36garhnewsupdate.com

 

रायपुर, 4 अगस्त 2026

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट के नॉर्थ जोन द्वारा संचालित ‘संवाद से समाधान’ अभियान के तहत मंगलवार को स्वामी आत्मानंद उत्कृष्ट अंग्रेजी माध्यम विद्यालय, मोवा में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में नए आपराधिक कानूनों, साइबर सुरक्षा, महिला सुरक्षा, यातायात नियमों और नागरिक जिम्मेदारियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।

कार्यक्रम पुलिस आयुक्त डॉ. संजीव शुक्ला के मार्गदर्शन एवं पुलिस उपायुक्त (उत्तर) दीपमाला कश्यप के निर्देशन में आयोजित हुआ। इसमें 250 से अधिक छात्र-छात्राओं ने भाग लिया।

अपने संबोधन में पुलिस उपायुक्त दीपमाला कश्यप ने भारतीय न्याय संहिता, भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता तथा भारतीय साक्ष्य अधिनियम की प्रमुख विशेषताओं की सरल भाषा में जानकारी देते हुए कहा कि नए आपराधिक कानून न्याय व्यवस्था को अधिक प्रभावी, त्वरित और पीड़ित-केंद्रित बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं। उन्होंने विद्यार्थियों से कानून का सम्मान करने और मोबाइल व सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने की अपील की।

सहायक पुलिस आयुक्त कृष्ण कुमार चंद्राकर ने विद्यार्थियों को अनुशासित जीवन, सकारात्मक सोच और नशामुक्त जीवनशैली अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने किसी भी संदिग्ध गतिविधि या अपराध की सूचना तत्काल पुलिस को देने का संदेश भी दिया।

कार्यक्रम के दौरान डिजिटल अरेस्ट, फर्जी कॉल, ओटीपी फ्रॉड, फिशिंग लिंक, साइबर बुलिंग, ऑनलाइन गेमिंग और सोशल मीडिया के दुरुपयोग से बचाव के उपायों पर विस्तार से जानकारी दी गई। साथ ही राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930, डायल 112, पिंक पेट्रोलिंग सहित विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के उपयोग के बारे में भी विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।

अधिकारियों ने महिला एवं बाल सुरक्षा, यातायात नियमों के पालन, हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग तथा नाबालिगों द्वारा वाहन नहीं चलाने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर भी जानकारी साझा की। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने कानून, साइबर सुरक्षा और पुलिस व्यवस्था से जुड़े प्रश्न पूछे, जिनका अधिकारियों ने सरल एवं व्यवहारिक उत्तर देकर समाधान किया।

कार्यक्रम में विद्यालय के प्राचार्य मंगेश कुमार कुलकर्णी, शिक्षक-शिक्षिकाओं सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे। विद्यालय प्रबंधन ने रायपुर पुलिस की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों में विधिक जागरूकता, डिजिटल सुरक्षा और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

रायपुर पुलिस कमिश्नरेट ने नागरिकों से अपील की है कि नए आपराधिक कानूनों का पालन करें, सोशल मीडिया का सुरक्षित एवं जिम्मेदारीपूर्ण उपयोग करें तथा साइबर अपराध, महिला संबंधी अपराध या किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल डायल-112 अथवा राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दें।

Oplus_131072

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest