CHHATTISGARHnewsraipur

फरार आरोपी आयुष ठाकुर गिरफ्तार, हत्या के प्रयास के मामले में भेजा गया जेल

📡36garhnewsupdate.com

 

रायपुर। 3/08/26

थाना खमतराई क्षेत्र में मई माह में दो पक्षों के बीच हुए प्राणघातक हमले के मामले में फरार चल रहे आरोपी आयुष ठाकुर (20) को खमतराई पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। आरोपी के विरुद्ध पहले से हत्या के प्रयास, मारपीट, आर्म्स एक्ट सहित कुल छह आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं।

पुलिस के अनुसार, 18 मई 2026 को आरव्हीएच कॉलोनी, बालाजी चौक के पास पुरानी रंजिश को लेकर दो पक्षों में विवाद हुआ था। एक पक्ष की शिकायत पर आरोप है कि आयुष ठाकुर ने बीच-बचाव करने पहुंचे जीवन बघेल पर धारदार चाकू से सीने और दोनों हाथों पर हमला किया। इस मामले में थाना खमतराई में हत्या के प्रयास सहित विभिन्न धाराओं के तहत अपराध दर्ज किया गया।

वहीं दूसरे पक्ष की शिकायत में आरोप लगाया गया कि जीवन बघेल, मुकेश डोंगरे और अनिकेत डोंगरे ने पीयूष ठाकुर के साथ मारपीट कर धारदार हथियार से हमला किया। इस संबंध में भी थाना खमतराई में हत्या के प्रयास एवं आर्म्स एक्ट के तहत अलग प्रकरण दर्ज किया गया था।

पुलिस ने पूर्व में दोनों मामलों के अन्य आरोपियों पीयूष ठाकुर, जीवन बघेल और मुकेश डोंगरे को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया था, जबकि आयुष ठाकुर घटना के बाद से फरार था।

लगातार तलाश के दौरान तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस को सूचना मिली कि आयुष ठाकुर सन्यासीपारा तालाब के पास छिपा हुआ है। सूचना पर खमतराई पुलिस ने घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने अपराध स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर सोमवार को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया।

पुलिस ने बताया कि आरोपी आयुष ठाकुर के विरुद्ध पूर्व में भी प्रतिबंधात्मक कार्रवाई के अलावा हत्या के प्रयास, मारपीट एवं आर्म्स एक्ट सहित कुल छह आपराधिक मामले दर्ज हैं। यह कार्रवाई पुलिस उपायुक्त (नॉर्थ) के निर्देशन में अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त एवं सहायक पुलिस आयुक्त के नेतृत्व में थाना खमतराई पुलिस टीम द्वारा की गई।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest